पूर्व आईएएस दुर्गा शंकर मिश्र (Durga Shankar Mishra) ने एक्सक्लूसिव बातचीत के दौरान पीएम मोदी और सीएम योगी के वर्किंग स्टाइल को लेकर कई बातें कहीं। उन्होंने अपने 40 साल के प्रशासनिक अनुभव, व्यक्तिगत मूल्यों और बड़े राष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स से जुड़ी अहम घटनाओं का भी जिक्र हमारे साथ बातचीत के दौरान किया। दुर्गा शंकर मिश्र 1984 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। उन्होंने यूपी के मुख्य सचिव से लेकर भारत सरकार में आवास और शहरी कार्य सचिव के तौर पर काम किया है। साथ ही दिल्ली मेट्रो रेल कॉपरेशन के अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली है।
पूर्व आईएएस दुर्गा शंकर मिश्र
टाइम्स नेटवर्क की वरिष्ठ पत्रकार डॉ. रमा सोलंकी से बात करते हुए दुर्गा शंकर मिश्र ने राम मंदिर निर्माण से लेकर नए संसद भवन तक के निर्माण की कहानियां भी साझा कीं। बातचीत के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ काम करने के अनुभव साझा करते हुए शासन, विकास और कानून-व्यवस्था पर अपनी बात रखी।
पीएम मोदी की वर्किंग स्टाइल पर क्या बोले दुर्गा शंकर मिश्र
दुर्गा शंकर मिश्र ने पीएम मोदी के व्यक्तित्व का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी के व्यक्तित्व को हमारे देश के लोग आने वाले कई वर्षों तक याद रखेंगे कि एक ऐसा शानदार लीडर मिला, जिसने देश को 'विकसित भारत' की राह दिखाई। उन्होंने कहा- "मैंने पीएम मोदी के साथ काम किया है। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारा देश आने वाले कुछ वर्षों में विकसित राष्ट्र बनेगा।" आगे पूर्व IAS ने कहा कि पीएम मोदी एक साथ छह-छह मिशन पर काम करते हैं। स्वच्छ भारत मिशन को लोग कहते थे इंपॉसिबल है। आज देखिए स्वच्छ भारत मिशन को लोग पॉसिबिलिटी के तौर पर देखते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 करोड़ से ज्यादा मकान बनाए। कोई सोच भी नहीं सकता था। दुनिया में कहीं भी आज तक ऐसा काम नहीं हुआ। हमने एक करोड़ मकान बना लिए। अर्बन लाइवलीहुड मिशन पर जबरदस्त काम हुआ। पीएम मोदी हर काम को बड़ी गहराई और बारीकी से देखते हैं। पीएम मोदी की लीडरशिप से मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला है। बातचीत के दौरान जब दुर्गा शंकर मिश्र से पूछा गया कि बाकी प्रधानमंत्रियों के फेहरिस्त से पीएम मोदी कितने खास हैं? इस पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश के अलावा कुछ सोचते ही नहीं हैं। वे देश के प्रति पूरी तरह से कमिटेड हैं।
सीएम योगी ने यूपी को निराशा की सोच से बाहर निकाला: दुर्गा शंकर मिश्र
आगे उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ के कामकाज के तरीके और उनकी लीडरशिप का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कई संभावनाओं का प्रदेश है। मैं वहां का रहने वाला हूं। मैंने राज्य में काम किया। मैंने प्रदेश को बहुत नजदीक से देखा है। राज्य में एक निराशा का भाव था। मैंने सभी सरकार के साथ काम किया। मेरी नीति रही है न काहू से दोस्ती न काहू से बैर (न तो किसी से दोस्ती, न किसी से दुश्मनी)। सीएम योगी आदित्यनाथ ने राज्य में काम करने का जो माहौल बनाया। आज के समय में प्रदेश में कोई भी महिला रात में कहीं जा सकती है। राज्य में डर का वातावरण खत्म हो चुका है। बुलडोजर से डर सिर्फ उन्हें ही लगता है जो कानून को अपने हाथ में लेकर चलते हैं। राज्य में कृषि क्षेत्र में विकास हुआ है। गन्ने की खेती में विकास हुआ है। उत्तर प्रदेश के हर प्लॉट की डिजिटल मैपिंग हुई है।
यूपी ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट पर क्या बोले दुर्गा शंकर मिश्र?
राज्य में बढ़ते उद्योग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट हुआ तो सीएम योगी ने कहा कि कम से कम 10 लाख करोड़ का MoU होना चाहिए। उससे पहले राज्य में 80 हजार करोड़ रुपये का हुआ था। सारा काम डिजिटल तरीके से हुआ और साढ़े 35 लाख करोड़ के MoU हुए। साल 2024 में जब हमारी पहली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी हुई तो हमने 10.26 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट ग्राउंड कर दिए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने जो लक्ष्य रखा था, उसी को ग्राउंड कर दिया।
