देश

अभिनेत्री रवीना टंडन की मां की देखभाल के लिए रखी गई महिला ने की चोरी, भाई के घर से 25 लाख रुपये उड़ाए

Raveena Tandon Mother Care Taker: जुहू पुलिस ने हाल ही में खार निवासी राशि छाबड़िया को गिरफ्तार किया है। राशि को अभिनेत्री की बुजुर्ग मां वीना टंडन की देखभाल के लिए रखा गया था।

Image

अभिनेत्री रवीना टंडन की मां की देखभाल के लिए रखी गई महिला ने की चोरी, भाई के घर से 25 लाख रुपये उड़ाए

Raveena Tandon Brother House: बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन के भाई के घर में देखभालकर्ता के रूप में परिवार का विश्वास जीतकर कथित तौर पर 25 लाख रुपये के सोने और हीरे के आभूषण चोरी करने के आरोप में 47 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि जुहू पुलिस ने हाल ही में खार निवासी राशि छाबड़िया को गिरफ्तार किया है। राशि को अभिनेत्री की बुजुर्ग मां वीना टंडन की देखभाल के लिए रखा गया था।

उन्होंने बताया कि चोरी की यह घटना पिछले वर्ष अक्टूबर में सामने आई, जब परिवार ने पाया कि उनके सोने-हीरे के आभूषणों तथा दो लग्जरी घड़ियों समेत कई कीमती सामान आलमारी से गायब हैं। अधिकारी ने बताया कि चोरी हुए सामान की कीमत 25 लाख रुपये है।

स्वीकार किया अपराध

मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, राजीव टंडन द्वारा पूछताछ किए जाने पर राशि ने पहले तो अपनी संलिप्तता से इनकार किया, लेकिन बाद में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने चोरी की दो घड़ियां लौटा दीं और दावा किया कि अन्य आभूषण उसने जगदीश नामक एक सहयोगी को सौंप दिए थे, जिन्हें उसने वापस दिलाने का वादा किया।

आभूषण वापस नहीं लौटाए

अधिकारी ने बताया कि बार-बार संपर्क किए जाने के बावजूद राशि ने कथित तौर पर आभूषण वापस नहीं लौटाए। शिकायत के अनुसार, राशि 2020 से आपसी परिचितों के माध्यम से रवीना के भाई के परिवार से मिलने आती थी। अपने पति और माता-पिता की मृत्यु के बाद परिवार से उसका रिश्ता काफी घनिष्ठ हो गया था और उसे घर में बिना रोक-टोक आने-जाने की अनुमति मिल गई थी।

शिकायत के अनुसार, आवास की दूसरी मंजिल पर केवल परिवार के सदस्यों और आरोपी राशि को ही जाने की अनुमति थी, जहां कीमती सामान रखा गया था। शिकायतकर्ता राजीव ने आरोप लगाया है कि इस मामले में राशि ने अपने एक सहयोगी की मदद ली। उसने खुद को पुलिस का मुखबिर बता कर राजीव को धमकी दी कि यदि उसने गहनों की वापसी के लिए दबाव बनाया तो उसे झूठे मादक पदार्थ मामले में फंसा दिया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि राशि को 21 मई को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किए जाने के बाद 29 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article