देश

प्रधान के इस्तीफे के बाद करेंगे चर्चा, विपक्ष की मांग के बीच सरकार की बड़ी बैठक, प्रदर्शनकारियों से मिलेंगे नड्डा-जितेंद्र सिंह

बैठक में संसदीय कार्यमंत्री किरन रिजिजू, जेपी नड्डा, पीयूष गोयल, अर्जुन राम मेघवाल और नितिन नबीन मौजूद थे। सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधियों से बात करेंगे।

Image

विपक्ष के हंगामे की वजह से चल नहीं पा रही संसद।

Photo : PTI

Parliament deadlock: दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ विपक्ष सरकार पर हमलावर है। संसद की कार्यवाही भी नहीं चल पा रही है। विपक्ष के हंगामे की वजह से गतिरोध बन गया है। विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ा है जबकि सरकार परीक्षा लीक सहित शिक्षा में सुधार सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा कराने के लिए तैयार है। सूत्रों का कहना है कि विपक्ष के साथ टकराव और संसद में बने गतिरोध को दूर करने के लिए सरकार की संसद में बड़ी बैठक हुई। इस बैठक में संसदीय कार्यमंत्री किरन रिजिजू, जेपी नड्डा, पीयूष गोयल, अर्जुन राम मेघवाल और नितिन नबीन मौजूद थे। सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधियों से बात करेंगे।

पहले प्रधान का इस्तीफा हो, फिर चर्चा-खरगे

सूत्रों का कहना है कि संसद में गतिरोध के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा के चेयरमैन सीपी राधाकृष्णन से मिले। गतिरोध खत्म करने के बारे में खरगे ने कहा कि पहले शिक्षा मंत्री का इस्तीफा हो, उसके बाद हम चर्चा के लिए तैयार हैं।

विपक्ष ने काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया

विपक्ष के कई दलों के नेताओं ने 'नीट’ प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में बुधवार को संसद परिसर में काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा), वाम दलों, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सहित कई अन्य विपक्षी दलों के सांसद शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के करीब दो मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर सोमवार को राजधानी में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई सहित विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनसे प्रश्नकाल चलने देने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद जिन मुद्दों पर नोटिस दिए गए हैं, उन सभी पर चर्चा कराई जाएगी। सदन में हंगामा थमते न देख बिरला ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी और आज भी प्रश्नकाल नहीं हो पाया।

20 जुलाई से शुरू हुआ मानसून सत्र

विपक्षी सदस्य अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की कथित हेराफेारी और 'नीट’प्रश्नपत्र लीक मामले पर चर्चा की मांग कर रहा है। साथ ही, वह परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े विवाद से निपटने के तरीके को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग कर रहा है। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरु हुआ है और इन मुद्दों को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित होती रही है।

Ravikant Rai
रविकांत रायauthor

सत्ता के गलियारों से आम जनमानस से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र, । राजनीति के हर दांव पेंच से वाकिफ, 13 सालों में दो लोकसभा चुनाव और कई राज्यों के विधान सभा चुनाव कवर करने का अनुभव। संसद भवन, बीजेपी और प्रधानमंत्री कार्यालय को मैं कवर करता हूं... फिल्मे देखना , सपने देखना और उनका पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा देना ये मेरा जुनून है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!