Tamil Nadu Assembly Election 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ डीएमके और विपक्षी राजग गठबंधन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों ही एक दूसरे के खिलाफ जमकर आरोप लगा रहे हैं। इस बीच, भाजपा ने बुधवार को राजग गठबंधन में बातचीत के बाद आगामी चुनावों के लिए अपने 27 उम्मीदवारों की सूची जारी की। इस सूची के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई।
भाजपा के कद्दावर नेता के. अन्नामलाई (फोटो साभार: @annamalai_k)
भाजपा की सूची में पार्टी की राज्य इकाई के आक्रामक नेता के. अन्नामलाई नदारद रहे, जो भाजपा में 'सिंघम' के तौर पर जाने जाते हैं। अभी तक ऐसा माना जा रहा था कि अन्नामलाई चुनाव अभियान की अगुआई करेंगे, लेकिन सूची में नाम न होने की वजह से असंतोष बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
अविनाशी सीट से मुरुगन को उतारा
भाजपा ने माइलापुर से तमिलिसाई सुंदरराजन, कोयंबटूर उत्तर से वनाथी श्रीनिवासन और अविनाशी से केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन जैसे वरिष्ठ नेताओं को चुनावी मैदान में उतारा है, लेकिन अन्नामलाई का नाम दिखाई नहीं दिया।
अन्नामलाई ने पीएम मोदी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने और भाजपा की परियोजनाओं को राज्य के हर गांव तक ले जाने में सराहनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व जैसे गृह मंत्री अमित शाह ने कई मौकों पर कहा है कि भाजपा अन्नामलाई के संगठनात्मक कौशल का उपयोग पार्टी की राष्ट्रीय संरचना में करेगी।
पिछले साल, नैनार नागेंद्रन ने अन्नामलाई की जगह भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की कमान संभाली थी और वर्तमान में नागेंद्रन ही प्रदेशाध्यक्ष हैं। दरअसल, प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए नामांकन महज नागेंद्रन ने ही दाखिल किया था।
भाजपा उम्मीदवारों को अन्नामलाई ने दी बधाई
अन्नामलाई ने भाजपा की ओर से घोषित किए गए उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''उन्हें तमिलनाडु के हर भाई-बहन का समर्थन प्राप्त है, जो भ्रष्टाचार, सुस्ती और डीएमके के विश्वासघात से तंग आ चुके हैं। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत पूरी ताकत, बड़े पैमाने और एक निश्चित उद्देश्य के साथ आगे बढ़ा है।''
इस दौरान, उन्होंने साफ किया कि वह अपने सभी भाजपा और अन्य राजग उम्मीदवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे और उनके लिए प्रचार करेंगे, जिसका लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनावों में राजग के लिए 210 सीटें जीतना है।
कौन कितनी सीटों पर लग रहा चुनाव?
राजग गठबंधन की अगुआई कर रही एआईएडीएमके 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 169 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि भाजपा 27, पीएमके 18, एएमएमके 11, तमिल मानिला कांग्रेस 5, आईजेके एक और पुराची भारतम एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान संपन्न होंगे, जबकि 4 मई को मतगणना होगी।
