ICC Men Cricket World Cup Final 2023: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मेन्स क्रिकेट विश्व कप का फाइनल मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज खेला जा रहा है। इससे पहले भारतीय नौ सेना प्रमुख आर हरि कुमार ने भविष्यवाणी की कि टीम इंडिया विश्व विजेता बनेगी। नौसेना प्रमुख आर हरि कुमार ने शनिवार को कहा कि भारत ने हाल के दिनों में हर खेल में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मेन इन ब्लू आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप फाइनल 2023 जीतेगा। एएनआई से बात करते हुए नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से भारती टीमें बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। हाल में एशियन गेम्स 2023 में हमने 100 से अधिक पदक जीते हैं। इसलिए हमें विश्वास है कि टीम इंडिया क्रिकेट विश्व कप भी जीतेगी। उनकी सफलता के लिए प्रत्येक सैनिक और नौसेना अधिकारी की शुभकामनाएं भारतीय टीम के साथ हैं।
विश्व कप फाइनल से पहले देशभर से भारतीय समर्थक अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बाहर जमा हो गए हैं। फैंस को उम्मीद है कि भारत इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट को जीतेगा। एएनआई से बात करते हुए एक समर्थक ने कहा कि भारत विश्व कप फाइनल मैच जीतेगा और 2011 विश्व कप की ऐतिहासिक उपलब्धि दोहराएगा। अहमदाबाद के एक क्रिकेट प्रशंसक ने कहा कि हम जिस फॉर्म में हैं, मुझे नहीं लगता कि ऑस्ट्रेलिया हमें हरा पाएगा। मेन इन ब्लू को अपना तीसरा विश्व कप खिताब जीतने और 2003 में ऑस्ट्रेलियाई टीम से 125 रनों से मिली हार का बदला लेने की उम्मीद होगी।
मेन्स क्रिकेट विश्व कप का फाइनल मुकाबले को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देखेंगे। ऑस्ट्रेलिया के उपप्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स भी अपनी टीम की हौसलाअफजाई के लिए मैच देखने पहुंचेंगे। गौर हो कि ऑस्ट्रेलिया के डिप्टी पीएम रिचर्ड मार्ल्स दोनों देशों के बीच 2 प्लस 2 मंत्रिस्तरीय वार्ता के दूसरे संस्करण में भाग लेने के लिए रविवार से भारत की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। रक्षा मंत्रालय ने मार्ल्स की यात्रा की घोषणा करते हुए कहा कि वह रविवार को अहमदाबाद में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट विश्व कप का खिताबी मुकाबला भी देखेंगे।
