Delhi New CM Face : दिल्ली का अगला सीएम कौन होगा, इसका पता आज शाम को चल सकता है। 19 फरवरी की शाम सात बजे दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक दल की बैठक होनी है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव होगा और इसी नेता के सिर पर मुख्यमंत्री पद का ताज सजेगा। आठ फरवरी को चुनाव नतीजे आने के बाद से ही सीएम चेहरे को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। सीएम पद की रेस में करीब दर्जन भर नाम रेस में हैं। कई नेता इस पद के लिए प्रबल दावेदार हैं। इनमें परवेश वर्मा का नाम सबसे आगे है। बहरहाल, भाजपा क्या रेस में चल रहे नामों में से किसी नेता का चयन करती है या किसी लो प्रोफाइल वाले नेता का नाम आगे बढ़ाती है, यह देखने वाली बात होगी। फिलहाल, सीएम पद के चेहर पर सस्पेंस अब भी बना हुआ है।
20 फरवरी को रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण
दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में 20 फरवरी की सुबह 11 बजे आयोजित हो रहा है। इसके लिए राम लीला मैदान में जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। मैदान को भाजपा के झंडों से पाट दिया गया है। कुर्सियां लगाई गई हैं। समझा जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के बड़े नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा समर्थकों के भी जुटने की उम्मीद है।
विधायक दल की बैठक में मौजूद रहेंगे ऑब्जर्वर
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना मुख्यमंत्री को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ समारोह के बाद भाजपा दिल्ली में सरकार बनाने का प्रस्ताव पेश करेगी। उन्हें नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों की सूची भी सौंपी जाएगी। इसके बाद उपराज्यपाल प्रस्ताव को राष्ट्रपति के पास स्वीकृति के लिए भेजेंगे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय टीम से नियुक्त किए गए ऑब्जर्वर विधायक दल की बैठक में मौजूद रहेंगे जो प्रस्ताव से आलाकमान को अवगत कराएंगे। नियमों का उल्लंघन न हो इसका भी ध्यान रखा जाएगा।
सीएम पद की रेस में ये नाम
दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए कई नाम चर्चा में हैं। इनमें परवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय, पवन शर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता, शिखा राय, रवींद्र इंद्रराज सिंह, मनजिसंदर सिंह सिरसा और कैलाश गंगवाल के नाम की चर्चा है। यह भी कहा जा रहा है कि भाजपा नए चेहरे को मुख्यमंत्री बनाकर चौंका सकती है। राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में इस तरह की परिपाटी देखने को भी मिली है। हालांकि, कई एक्सपर्ट यह भी कह रहे हैं कि दिल्ली में भाजपा किसी कद्दावर और मुखर नेता को सीएम पद की कमान सौंपेगी। इसकी एक बड़ी वजह अरविंद केजरीवाल हैं। भाजपा केजरीवाल के कद का और नामी चेहरे को सीएम बनाना चाहेगी। वह नहीं चाहेगी लोगों के बीच यह संदेश जाए कि इससे अच्छे तो केजरीवाल थे। दिल्ली बड़ी मुश्किल से और 27 साल बाद भाजपा के हाथ लगी है, ऐसे में सीएम पद को लेकर वह कोई गलती नहीं करना चाहेगा। उसे इस पद के लिए एक तेजतर्रार और मुखर नेता चाहिए होगा।
रामलीला मैदान में होगी भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती
शपथ ग्रहण समारोह के दिन रामलीला मैदान और उसके आसपास 5,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। अधिकारी ने आगे बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा दिन के दौरान यातायात प्रबंधन के लिए अर्धसैनिक बलों की 10 से अधिक कंपनियां भी तैनात की जाएंगी। दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री अपने मंत्रिपरिषद के साथ 20 फरवरी को रामलीला मैदान में शपथ लेंगे। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया, "अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों के साथ 5,000 से अधिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। गणमान्य व्यक्तियों की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई स्तरों पर सुरक्षा बैरिकेड्स लगाए जाएंगे।"
