पाकिस्तान आई दो बच्चों की भारतीय मां अंजू ने इस्लाम धर्म अपनाने के बाद मंगलवार को अपने दोस्त से शादी कर ली और अब उसका नया नाम फातिमा है। 34 साल कीअंजू खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के अपर दीर जिले में अपने पाकिस्तानी दोस्त 29 साल के नसरुल्ला के घर पर रह रही थी। दोनों 2019 में फेसबुक पर दोस्त बने थे। इस जोड़े ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश की स्थानीय अदालत में शादी रचाई।
इस समय अंजू और सीमा हैदर की ही चर्चा है
खबर के मुताबिक, दोनों ने बयान दर्ज कराते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से निकाह पर हस्ताक्षर किए हैं। भारतीय महिला ने अदालत को बताया कि वह स्वेच्छा से पाकिस्तान आई है और यहां बहुत खुश है।
सीमा को पबजी पर सचिन से प्यार हो गया तो अंजू को फेसबुक पर मिले नसरुल्लाह
सीमा और अंजू दोनों की कहानी लगभग एक जैसी ही है। सीमा को पबजी पर नोएडा के सचिन से प्यार हो गया तो अंजू को फेसबुक पर नसरुल्लाह मिल गया।
इससे पहले, सोमवार को दोनों कड़ी सुरक्षा के बीच घूमने निकले। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों अपर दीर जिले को चित्राल जिले से जोड़ने वाली लावारी सुरंग गए। पर्यटन स्थलों की यात्रा की तस्वीरों में अंजू और नसरुल्ला हरे-भरे बगीचे में बैठे और हाथ पकड़े नजर आये।
सीमा और अंजू दोनों के प्रेमी उम्र में उनसे छोटे
दोनों अपने प्रेमी से बड़ी उम्र के हैं। सीमा की उम्र 30 साल है जबकि सचिन की उम्र 23 साल है वहीं, अंजू की उम्र 34 साल है जबकि नसरुल्लाह 29 साल का है। अंजू ने फिलहाल ये नहीं बताया है कि वह अपने बच्चों को लेकर पाकिस्तान आएगी या नहीं गौर हो कि दोनों बच्चे अपने मामा-मामी के पास रहते हैं।
पाकिस्तान में 'सुरक्षित महसूस करती है'
'जियो न्यूज' की मंगलवार की खबर के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कैलोर गांव में पैदा हुई और राजस्थान के अलवर जिले में रहने वाली अंजू ने एक छोटा वीडियो साझा किया जिसमें वह कहती है कि वह पाकिस्तान में 'सुरक्षित महसूस करती है।'अंजू ने वीडियो में कहा, 'मैं सभी को यह संदेश देना चाहती हूं कि मैं यहां कानूनी तौर पर और योजना बनाकर आई हूं। यह दो दिन की बात नहीं है कि मैं यहां अचानक आ गई। मैं यहां सुरक्षित हूं।'अंजू की शादी अरविंद से हुई थी, जो राजस्थान में रहते हैं। उनकी 15 साल की बेटी और छह साल का बेटा है।
