देश

इंडिया गठबंधन का क्या हुआ, जमीन में दब गया या हवा में गायब हो गया?- UBT ने कांग्रेस से पूछे तीखे सवाल

शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) द्वारा अपने मुखपत्र ‘सामना’ में प्रकाशित यह संपादकीय, कांग्रेस पार्टी की रणनीति और ‘इंडिया’ गठबंधन के भविष्य को लेकर गंभीर सवाल उठाता है। संपादकीय में कहा गया है कि कांग्रेस ने अहमदाबाद अधिवेशन में केवल अपने संगठन और नेतृत्व को केंद्र में रखा, जबकि देश की व्यापक राजनीति और ‘इंडिया’ गठबंधन के भविष्य पर कोई ठोस चर्चा नहीं की गई।

Image

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और शिवसेना UBT चीफ उद्धव ठाकरे (फाइल फोटो)

Photo : PTI

इंडिया गठबंधन को लेकर उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने कांग्रेस से तीखे सवाल पूछे हैं। शिवसेना यूबीटी ने अपने मुखपत्र सामना में विपक्षी गठबंधन इंडिया एलायंस को लेकर कांग्रेस से सवाल पूछते हुए कहा कि यह गठबंधन कहां गया, जमीन में दब गया या हवा में गायब हो गया।

सामना में इंडिया गठबंधन को लेकर तीखे सवाल

शिवसेना (उबाठा) ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस को ‘इंडिया’ गठबंधन की स्थिति के बारे में बात करनी चाहिए और अहमदाबाद में पार्टी के हालिया अधिवेशन में विपक्षी गठबंधन के बारे में सवालों का जवाब देना चाहिए था। शिवसेना (उबाठा) ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय लेख में कहा कि कांग्रेस ने अहमदाबाद के पार्टी अधिवेशन में केवल अपने बारे में बात की और ‘इंडिया’ या भारत कहीं भी चर्चा में नहीं था। पार्टी ने कहा, ‘‘लोकसभा चुनाव के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन (इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) की स्थिति क्या है, इस पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस को अपने अहमदाबाद अधिवेशन में इस पर विचार करना चाहिए था।’ॉ’

कांग्रेस अध्यक्ष से UBT के सवाल

शिवसेना (उबाठा) ने सवाल करते हुए कहा- ‘‘गठबंधन का क्या हुआ? क्या यह जमीन में दब गया या हवा में गायब हो गया? इस सवाल का जवाब देने की जिम्मेदारी कांग्रेस अध्यक्ष की है। कांग्रेस ने गुजरात में अपना अधिवेशन आयोजित किया, लेकिन लोकसभा चुनावों में पार्टी ने 2014 के बाद पश्चिमी राज्य में केवल एक सीट जीती।’’

विधानसभा चुनावों को लेकर भी पूछा सवाल

शिवसेना (उबाठा) ने बिहार, गुजरात और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस का रुख भी जानना चाहा। बिहार में राष्ट्रीय जनता दल कांग्रेस की सहयोगी है, जबकि गुजरात और पश्चिम बंगाल में ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दल आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस भी चुनाव मैदान में होंगे। इसमें कहा गया है कि कांग्रेस को मध्यप्रदेश और आंध्र प्रदेश में प्रयास करने की जरूरत है, पार्टी को लोकसभा चुनावों में महाराष्ट्र में सफलता मिली, लेकिन राज्य विधानसभा चुनावों में उसे करारी हार का सामना करना पड़ा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article