Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में मंगलवार को नया सियासी विवाद खड़ा हो गया। दरअसल, सूबे की मुखिया ममता बनर्जी का आज बनगांव में एसआईआर विरोधी रैली में शामिल होने का कार्यक्रम तय था। वे सुबह वहां जातीं इससे कुछ समय पहले ही ममता बनर्जी की निर्धारित हेलीकॉप्टर यात्रा अचानक रद्द हो गई। जिसके बाद वे सड़क मार्ग से 104 किलोमीटर की लंबी सड़क यात्रा कर रैली में पहुंची। जहां उन्होंने भाजपा पर उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश रचने का आरोप लगाया।
ममता बनर्जी को करनी पड़ी 104 किमी लंबी सड़क यात्रा। फोटो- एएनआई
क्या है पूरा मामला
दरअसल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का उत्तर 24 परगना के बनगांव में दोपहर 12:30 बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचने का कार्यक्रम था। ममता ने कहा कि उन्हें पूर्वाह्न 10 बजे बताया गया कि किराये पर लिया गया हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सकता। जिसके बाद उन्हें सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ी। आखिरकार वह दोपहर करीब दो बजे वहां पहुंची और एक विशाल रैली को संबोधित किया।
किस वजह से रद्द हुई यात्रा
वहीं, एक वरिष्ठ अधिकारी ने हेलीकॉप्टर यात्रा रद्द करने के पीछे का कारण बताया। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि इस यात्रा के लिए आवंटित हेलीकॉप्टर की लाइसेंस अवधि समाप्त हो चुकी थी। जिस कारण यह यात्रा रद्द करनी पड़ी।
सड़क मार्ग से की 104 किमी यात्रा
इसके बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सड़क मार्ग से कोलकाता से लगभग 104 किमी दूर बनगांव पहुंचीं। यहां उन्होंने कहा कि मैं पिछले सात-आठ महीनों से हेलीकॉप्टर से यात्रा नहीं कर रही थी। आज मेरी योजना यहां आने और फिर ठाकुरनगर जाने की थी। सब कुछ पहले से तय था। लेकिन सुबह 10 बजे संदेश आया कि हेलीकॉप्टर नहीं जाएगा। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने भाजपा को उन्हें डराने-धमकाने के प्रयासों के खिलाफ चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा बनगांव के लिए उनकी हेलीकॉप्टर यात्रा रद्द करने की साजिश में शामिल है। भाजपा को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि मुझसे खेलने की कोशिश मत करो। आप राजनीतिक रूप से मेरा मुकाबला नहीं कर पाएंगे और मुझे नहीं हरा सकेंगे। उन्होंने कहा कि वह ज्यादातर सड़क मार्ग से यात्रा करती हैं और हेलीकॉप्टर पर निर्भर नहीं हैं।
