वसई में क्लोरीन गैस लीक से एक की मौत (प्रतीकात्मक फोटो- iStock)
chlorine Gas Leak At Vasai near Mumbai: महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई कस्बे में मंगलवार को एक सिलेंडर से क्लोरीन गैस लीक होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच दमकल कर्मियों सहित 18 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पालघर के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 3.30 बजे कस्बे के दीवानमन इलाके में सन सिटी स्थित एक श्मशान घाट के पास हुई।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सीईओ व रेजिडेंट डिप्टी कलेक्टर सुभाष बागड़े ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दीवानमन श्मशान घाट के पास एक पानी की टंकी के पास चल रहे काम के दौरान हुई। उन्होंने बताया, 10 से 15 साल पुराने क्लोरीन सिलेंडर के वाल्व से रिसाव होने लगा, जिससे आसपास के इलाके में जहरीला धुआं फैल गया। सनसिटी फायर स्टेशन से दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और रिसाव को रोकने की कोशिश की। लेकिन इस दौरान कई लोग गैस की चपेट में आ गए।
उन्होंने बताया कि कुल 19 प्रभावित लोगों को तीन अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया। बागड़े ने बताया कि तमाम कोशिशों के बावजूद, तेज धुएं की चपेट में आए देव कांतिलाल पारदीवाल नामक निवासी की अस्पताल में मौत हो गई। उनकी पत्नी मनीषा (55) का दूसरे अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में इलाज चल रहा है।
स्थानीय दमकल केंद्र प्रभारी विजय राणे (53), दमकलकर्मी कल्पेश पाटिल (41) और कुणाल पाटिल (28), और चालक प्रमोद पाटिल (43) और सचिन मोरे को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि इनमें से मोरे को बाद में छुट्टी दे दी गई। अधिकारियों ने बताया कि अन्य घायलों में प्रिया राठौड़ (14), अनीश सोलंकी (15), नाज़नीम डोगरिया (17), अंजलि राठौड़ (19), कांतिलाल मिस्त्री (75), पुष्पा मिस्त्री (72) और शांता सोलंकी (62) शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि ये सभी एक ही इलाके के निवासी हैं और उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि दो अन्य दमकलकर्मियों - स्वप्निल धाग और पंकज सातवी ने लीक हो रहे सिलेंडर पर लगातार पानी छिड़ककर और उसे पास के एक तालाब में फेंककर गैस के फैलाव को नियंत्रित किया। वसई शहर मुंबई से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।