देश

Mamata Banerjee: ममता बनर्जी के हेलीकॉप्टर को आखिर क्या हुआ, क्यों करनी पड़ी 104 किलोमीटर की लंबी सड़क यात्रा?

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का उत्तर 24 परगना के बनगांव में दोपहर 12:30 बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचने का कार्यक्रम था। ममता ने कहा कि उन्हें पूर्वाह्न 10 बजे बताया गया कि किराये पर लिया गया हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सकता। जिसके बाद उन्हें सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ी।

Image

ममता बनर्जी को करनी पड़ी 104 किमी लंबी सड़क यात्रा। फोटो- एएनआई

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में मंगलवार को नया सियासी विवाद खड़ा हो गया। दरअसल, सूबे की मुखिया ममता बनर्जी का आज बनगांव में एसआईआर विरोधी रैली में शामिल होने का कार्यक्रम तय था। वे सुबह वहां जातीं इससे कुछ समय पहले ही ममता बनर्जी की निर्धारित हेलीकॉप्टर यात्रा अचानक रद्द हो गई। जिसके बाद वे सड़क मार्ग से 104 किलोमीटर की लंबी सड़क यात्रा कर रैली में पहुंची। जहां उन्होंने भाजपा पर उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश रचने का आरोप लगाया।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का उत्तर 24 परगना के बनगांव में दोपहर 12:30 बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचने का कार्यक्रम था। ममता ने कहा कि उन्हें पूर्वाह्न 10 बजे बताया गया कि किराये पर लिया गया हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सकता। जिसके बाद उन्हें सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ी। आखिरकार वह दोपहर करीब दो बजे वहां पहुंची और एक विशाल रैली को संबोधित किया।

किस वजह से रद्द हुई यात्रा

वहीं, एक वरिष्ठ अधिकारी ने हेलीकॉप्टर यात्रा रद्द करने के पीछे का कारण बताया। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि इस यात्रा के लिए आवंटित हेलीकॉप्टर की लाइसेंस अवधि समाप्त हो चुकी थी। जिस कारण यह यात्रा रद्द करनी पड़ी।

सड़क मार्ग से की 104 किमी यात्रा

इसके बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सड़क मार्ग से कोलकाता से लगभग 104 किमी दूर बनगांव पहुंचीं। यहां उन्होंने कहा कि मैं पिछले सात-आठ महीनों से हेलीकॉप्टर से यात्रा नहीं कर रही थी। आज मेरी योजना यहां आने और फिर ठाकुरनगर जाने की थी। सब कुछ पहले से तय था। लेकिन सुबह 10 बजे संदेश आया कि हेलीकॉप्टर नहीं जाएगा। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने भाजपा को उन्हें डराने-धमकाने के प्रयासों के खिलाफ चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा बनगांव के लिए उनकी हेलीकॉप्टर यात्रा रद्द करने की साजिश में शामिल है। भाजपा को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि मुझसे खेलने की कोशिश मत करो। आप राजनीतिक रूप से मेरा मुकाबला नहीं कर पाएंगे और मुझे नहीं हरा सकेंगे। उन्होंने कहा कि वह ज्यादातर सड़क मार्ग से यात्रा करती हैं और हेलीकॉप्टर पर निर्भर नहीं हैं।

ममता ने बंगाल में चांदपाड़ा से ठाकुरनगर तकनिकाला एसआईआर विरोधी मार्च

वहीं, रैली के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एसआईआर के विरोध में बनगांव के चांदपाड़ा से उत्तर 24 परगना जिले के मतुआ बहुल ठाकुरनगर तक तीन किलोमीटर लंबे मार्च निकाला। टीएमसी की राज्यसभा सदस्य ममताबाला ठाकुर,मंत्री सुजीत बोस और पूर्व मंत्री एवं विधायक ज्योति प्रिय मलिक उन कई पार्टी पदाधिकारियों में शामिल थे जो मार्च में टीएमसी प्रमुख बनर्जी के साथ थे।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article