TMC Protest: पश्चिम बंगाल में टीएमसी आर-पार के मूड में दिख रही है। सत्ता से बाहर होने के कुछ समय बाद ही आज ममता बनर्जी सड़क पर उतरने आई। कोलकाता में टीएमसी आज धरना प्रदर्शन कर रही। यहां कार्यकर्ताओं की भीड़ तो दिखी, लेकिन विधायक कम ही पहुंचे हैं। बागी विधायकों ने दूरी बनाए रखी है। रिपोर्ट्स के अनुसार अभी तक 6 विधायक धरना स्थल पर पहुंचे हैं।
टीएमसी का धरना प्रदर्शन क्यों?
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कथित हमलों तथा रेहड़ी-पटरी वालों को हटाने संबंधी रेलवे के अभियान के खिलाफ प्रस्तावित धरने को पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद उनकी पार्टी इस पर आगे बढ़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोग और छोटे व्यापारी भय में जी रहे हैं, जबकि रेहड़ी-पटरी वालों को उपयुक्त पुनर्वास योजना के बिना हटाया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा उनकी पार्टी (तृणमूल कांग्रेस) के विधायकों को अपने पाले में करने के लिए ’’धन-बल’’ का इस्तेमाल कर रही है।
ममता बनर्जी का सरकार पर हमला
ममता बनर्जी ने कहा, ’’लोग भयभीत क्यों हैं? लोग चिंतित क्यों हैं? पूरा माहौल बदल गया है। कोलकाता और बंगाल को अशिक्षित लोगों को सौंप दिया गया है।’’ बनर्जी ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के बाद से तृणमूल के 12 कार्यकर्ता मारे गए हैं और हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई अन्य को अपना घर-बार छोड़ने के लिए मजबूर किया गया है। उन्होंने कहा, ’’लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन में व्यवधान डाला जा रहा है।’’
