देश

BJP को 'वॉशिंग मशीन' बता ममता ने यूं की 'धुलाई': काला कपड़ा डाला और फिर सफेद निकाला, देखें VIDEO

  • Produced by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Mar 29, 2023, 09:23 PM IST

Mamata Banerjee BJP Washing Machine Video: कोलकाता में हुए इस प्रोग्राम के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने देश के सभी राजनीतिक दलों से अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में एकजुट होकर भाजपा से लड़ने की अपील भी की। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि केंद्र सरकार लोगों के पैसे के ऊपर बैठी है और अगर जरूरत पड़ी तो वह पीएम आवास के पास बैठकर भी धरना करेंगी।

Mamata Banerjee BJP Washing Machine Video: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (एआईटीएमसी) की चीफ ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को वॉशिंग मशीन करार दिया है। उन्होंने बुधवार (29 मार्च, 2023) को सूबे की राजधानी कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान भरे मंच पर वॉशिंग मशीन के जरिए बीजेपी की सांकेतिक धुलाई की।

रोचक बात है कि इस दौरान उन्होंने मशीन में काला कपड़ा डालकर प्रतीकात्मक तौर सफेद कपड़ा निकाला और भगवा पार्टी पर तंज कसा कि किस कदर बीजेपी में जाने के बाद दूसरे नेता सीधे और साफ-सुथरे छवि वाले बन जाते हैं। दीदी जब बीजेपी की इस तरह सांकेतिक धुलाई कर रही थीं, तब पार्टी के विरोध में वहां टीएमसी समर्थक "बीजेपी वॉशिंग मशीन है" के नारे लगा रहे थे।

टीएमसी की ओर से यह भी कहा गया, "बीजेपी के शासनकाल में केंद्रीय एजेंसियों (सीबीआई, ईडी और एनआईए) के जरिए विपक्ष को बुरी तरह से परेशान किया गया है, लेकिन जैसे ही कोई विपक्षी दल का नेता बीजेपी का दामन थाम लेता है तब वह वह मासूम सी भेड़ बन जाता है। यही तो बीजेपी वॉशिंग मशीन का जादू है!"

प्रोग्राम के दौरान दीदी ने देश के सभी सियासी दलों से अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में एकजुट होकर भाजपा से लड़ने की अपील की। कहा- हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, पारसी सभी धर्मों के लोगों को भारतीय लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा को हराने के लिए एकजुट होना चाहिए। 2024 के संसदीय चुनाव में देश के नागरिकों और भाजपा के बीच की लड़ाई होगी।

बंगाल को लेकर केंद्र के कथित भेदभावपूर्ण रवैये के विरोध में इस दो दिन के धरना शुरू करने वाली टीएमसी चीफ ने भाजपा को ‘दुशासन’ भी बताया। आगे कहा कि इसने ‘‘एलआईसी और एसबीआई को बेचकर देश को बर्बाद कर दिया है। भारत में हर राजनीतिक दल को इस भाजपा सरकार को हटाने के लिए एकजुट होना चाहिए। ‘दुशासन’ भाजपा को हटाओ और देश के आम आदमी तथा भारतीय लोकतंत्र को बचाओ।’’

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article