देश

जब बंगाल में चुनाव प्रचार के बीच PM मोदी ने खरीदी 10 रुपये की झालमुड़ी, प्याज खाने की बात पर बोले- सब खाते हैं बस दिमाग..., देखें वीडियो

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल के झारग्राम से पीएम मोदी का एक बेहद दिलचस्प वीडियो सामने आया है। इसमें पीएम मोदी एक दुकान से झालमुड़ी लेकर बच्चों को खिलाते और खुद भी खाते दिख रहे हैं।

Image

झारग्राम में झालमुड़ी लेते पीएम मोदी।

PM Modi Bought Jhalmuri: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान झाड़ग्राम में आज एक बेहद ही दिलचस्प और खुशनुमा नजारा देखने को मिला। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक आम नागरिक की तरह अचानक अपना काफिला रुकवाकर झालमुड़ी की दुकान पर पहुंच गए और दुकानदार से झालमुड़ी खिलाने को कहा। इस दौरान उन्होंने दुकानदार विक्रम साह से बात भी की।

'सब खाते हैं, बस दिमाग नहीं खाते'

विक्रम साह की दुकान पर पहुंचते ही पीएम मोदी ने सीधे कहा,'भाई हमें अपना झालमुड़ी खिलाओ।'जब पीएम मोदी ने पूछा कि अच्छे वाला झालमुड़ी कितने का होता है,तो दुकानदार ने बताया कि यह 10 और 20 रुपये का।इस पर पीएम मोदी ने बड़े ही सहज भाव से कहा,"हां जो भी है बना दो"। बातचीत के दौरान खाने-पीने की चीजों को लेकर भी चर्चा हुई। फिर पीएम मोदी जब उन्हें अपनी जेब से निकालकर 10 रुपये देने लगे तो उन्होंने सम्मान के साथ पैसे लेने को लेकर संकोच जताते हुए मना किया। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि नहीं भाई ऐसे नहीं चलेगा और उन्होंने विक्रम साह को 10 रुपये दिए। इस बीच पीएम मोदी से विक्रम ने फिर पूछा कि प्याज खाते हैं तो पीएम मोदी ने चुटकी लेते हुए मजाक में कहा हां सब खाते हैं बस दिमाग नहीं खाते। पीएम मोदी की इस बात पर वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे।

वहीं, जैसे ही पीएम का काफिला रुका मौके पर लोगों का जुटान हो गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झालमुड़ी भी खरीदी और वहां मौजूद बच्चों को खिलाकर खुद भी खाई। इस दौरान लोगों की भीड़ जय श्री राम के नारे लगाती रही।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इस मौके की तस्वीरें भी शेयर की हैं। उन्होंने अपनी इस पोस्ट में लिखा कि 'रविवार को पश्चिम बंगाल में चार रैलियों के बीच, जब चारों रैलियां खचाखच भरी हुई थीं,मैंने झाड़ग्राम में स्वादिष्ट झालमुरी का आनंद लिया।'

वहां मौजूद महिलाओं से भी की बात

झालमुड़ी लेने के दौरान के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पीएम मोदी ने वहां मौजूद महिलाओं से भी बात की। इस दौरान लोगों ने उनको घेर रखा था। वहीं, वीडियो में पीएम मोदी झालमुड़ी खाते भी दिख रहे हैं। ये वाकया तब हुआ जब झारग्राम में चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी अपने चॉपर में बैठने के लिए जा रहे थे।

टीएमसी को भी घेरा

इससे पहले जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीएमसी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव राज्य की पहचान को बचाने की लड़ाई है। साथ ही पीएम ने ममता बनर्जी सरकार पर देश की जनता के बजाय घुसपैठियों के पक्ष में राजनीति करने का आरोप लगाया।

23 अप्रैल को होने वाले चुनाव से पहले आदिवासी बहुल झाड़ग्राम जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि टीएमसी घुसपैठियों की और घुसपैठियों के लिए सरकार बनाना चाहती है उन्होंने कहा कि यह चुनाव इस भूमि की समृद्ध विरासत को बचाने के लिए है। यह बंगाल की पहचान को बचाने के लिए है। आज बंगाल के अपनी पहचान खोने का डर है।उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी जिस रास्ते पर चल रही है वह बहुत खतरनाक है। टीएमसी घुसपैठियों की और घुसपैठियों के लिए सरकार बनाना चाहती है। एक ऐसी सरकार जो बंगाल की जनता के धर्म, भाषा और रीति-रिवाजों की रक्षा करने के बजाय केवल घुसपैठियों के धर्म, भाषा और रीति-रिवाजों की रक्षा करेगी। ऐसी सरकार के लिए सबसे बड़ी बाधा पश्चिम बंगाल के आम लोग होंगे।

टीएमसी की घुसपैठिए सरकार के लिए अगर कोई दुश्मन है,तो वह यहां बैठे भाई-बहन ही होंगे जो घुसपैठियों के दुश्मन होंगे। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी सरकार के खिलाफ असंतोष राज्य के विभिन्न समुदायों और क्षेत्रों में फैल गया है।

पीएम मोदी ने आगे संबोधित करते हुए यह आरोप भी लगाया कि टीएमसी लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से वंचित कर रही है। उन्होंने कहा कि टीएमसी आपका राशन और मुफ्त आवास चुरा रही है। भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि आपको आपका राशन और मुफ्त आवास मिले।

Pooja Mehta
पूजा मेहताauthor

पूजा मेहता एक वरिष्ठ टेलीविज़न पत्रकार हैं, जिन्हें रिपोर्टिंग का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने राजनीति, आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष, रक्षा, पर्यावरण और अपराध पर व्यापक रिपोर्टिंग की है, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर गहरा फोकस रखते हुए। संघर्षग्रस्त इलाकों से उनकी ज़मीनी रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों की गहन समझ उन्हें पैनी दृष्टि और विश्वसनीय विश्लेषण के लिए अलग पहचान दिलाती है। वह प्रमाणित Defence Correspondent हैं और अमेरिकी विदेश विभाग के प्रतिष्ठित International Visitor Leadership Program (IVLP) की एलुमनी भी हैं, जिससे विदेशी नीति, सुरक्षा और सामरिक मामलों में उनकी विशेषज्ञता और मजबूत हुई है।

और पढ़ें
End of Article