देश

West Bengal Assembly Election 2026: रैली में फिसली सीएम योगी की जुबान, TMC ने बनाया मुद्दा; जानें क्या बोल गए

पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल में एक बयान को लेकर नया मुद्दा खड़ा हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक रैली के दौरान हुई कथित गलती अब विपक्ष के निशाने पर आ गई है। ऐसे में आइए जानें क्या है पूरा मामला?

Image

चुनावी रैली के दौरान सीएम योगी (फोटो: ANI)

Photo : ANI

West Bengal Assembly Election 2026: चुनावी सरगर्मी के बीच एक बार फिर पश्चिम बंगाल में सियासी माहौल गरमा गया है। दरअसल, चुनाव प्रचार के दौरान जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक रैली को संबोधित कर रहे थे तो उनसे एक चूक हो गई। जिसे अब विपक्ष खासतौर पर टीएमसी ने राजनीतिक मुद्दा बना दिया है। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा और सागरिका घोष ने योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधते हुए उन्हें उनकी भूल याद दिलाई।

सीएम योगी आदित्यनाथ का वायरल हो रहा वीडियो

दरअसल, सोशल मीडिया पर योगी आदित्यनाथ का चुनावी रैली को संबोधित करते हुए एक वीडियो टीएमसी सांसदों द्वारा शेयर किया जा रहा है, जिसमें योगी कहते दिख रहे हैं, "स्वामी विवेकानंद कहा करते थे तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। "यहां नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जगह स्वामी विवेकानंद का नाम लिए जाने पर विपक्ष ने इसका मुद्दा बना दिया।

भाजपा के फायरब्रांड नेता हैं योगी आदित्यनाथ

योगी आदित्यनाथ भाजपा के फायरब्रांड नेता और स्टार प्रचारक हैं। किसी भी राज्य में चुनाव हो योगी को भाजपा प्रचार करने के लिए भेजती ही है। वे इस बार भी बंगाल में भी कई चुनावी रैलियां कर चुके हैं और टीएमसी और ममता बनर्जी को आड़े हाथों लेते रहे हैं। इससे पहले आज ही पश्चिम मेदिनीपुर के पिंगला में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने बंगाल सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, "TMC का मतलब टेरर, माफिया राज और करप्शन है। इसे केवल डबल इंजन की भाजपा सरकार समाप्त करेगी।" सीएम योगी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को राज्य की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने का "अंतिम अवसर" बताया, जिसमें "तृणमूल कांग्रेस के वर्षों के कुशासन" के कारण "गिरावट आयी है।

"यह महज एक सामान्य चुनाव नहीं"

सीएम योगी आदित्यनाथ ने रैली के दौरान कहा, "यह महज एक सामान्य चुनाव नहीं है। बंगाल एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। दिशा बदलने और विकास को वापस पटरी पर लाने का यह आखिरी मौका है।" उत्तर प्रदेश और बंगाल की तुलना करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने से पहले उनके राज्य में भी स्थिति कुछ ऐसी ही थी। उन्होंने कहा, "हालांकि, तब से कानून व्यवस्था और बुनियादी ढांचे में सुधार हुआ है।" उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी तरह का मॉडल बंगाल को भी बदल सकता है। उन्होंने चुनाव को बंगाल के भविष्य के लिए एक "महत्वपूर्ण समय" के तौर पर प्रस्तुत किया और मतदाताओं से विकास और सुशासन के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली "डबल इंजन सरकार" को सत्ता में लाने का आग्रह किया।

"माफिया राज" को बढ़ावा देने का आरोप

सीएम योगी ने राज्य में सत्तारूढ़ दल पर कोयला, रेत और जमीन के कारोबार में "माफिया राज" को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया और राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति में गिरावट का आरोप लगाया। भाजपा नेता आदित्यनाथ ने कहा, "कोई भी सुरक्षित नहीं है, ना महिलाएं, ना व्यापारी, ना किसान। त्योहारों पर पाबंदियां और हिंसा हो रही है। यह मौजूदा सरकार के शासन मॉडल को दर्शाता है।" उन्होंने 2029 में विधायिका में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने वाले विधेयक का भी उल्लेख किया, जो लोकसभा में अटक गया था। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने प्रस्तावित कानून का विरोध करके "महिलाओं का अपमान" किया है।

"भ्रष्टाचार, हिंसा और कुशासन को समाप्त करने का समय"

बंगाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का हवाला देते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि कभी उद्योग और बौद्धिक विकास में भारत का नेतृत्व करने वाला यह राज्य कांग्रेस, वामदल और तृणमूल कांग्रेस की लगातार सरकारों के तहत रास्ता भटक गया। उन्होंने दावा किया, "बंगाल में पिछले दशक में औद्योगिक गिरावट, बेरोजगारी और व्यवसायों का बंद होना देखा गया।" उन्होंने भाजपा के प्रतिद्वंद्वियों पर "तुष्टीकरण की राजनीति" करने और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाया। यूपी के सीएम ने कहा, "पंद्रह साल काफी हैं। अब भ्रष्टाचार, हिंसा और कुशासन को समाप्त करने का समय है। विकास की शुरुआत होनी चाहिए।"

(भाषा इनपुट के साथ)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article