देश

आखिर अखिलेश यादव ने क्यों उठाया सीएम योगी के GK पर सवाल? चुनावी माहौल के बीच गरमाई सियासत

देश में चुनावी माहौल के बीच एक बयान को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा के प्रचार अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई एक गलती पर विपक्ष ने आपत्ति जताई है।

Image

सीएम योगी के किस बयान से गरमाई राजनीति?

Photo : PTI

CM Yogi News: देश में चुनावी माहौल के बीच एक नया राजनीतिक विवाद सामने आया है। दरअसल, भाजपा के प्रचार अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एक गलती हो गई, जिसे अब विपक्षी दलों ने मुद्दा बना लिया है। इस मामले को खासतौर पर टीएमसी और सपा ने राजनीतिक बहस का रूप दे दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा और सागरिका घोष ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए योगी आदित्यनाथ की उस चूक को लेकर उन पर सवाल उठाए हैं।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, सोशल मीडिया पर सपा प्रमुख और टीएमसी सांसदों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पश्चिम बंगाल में एक चुनावी रैली का वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में वे (सीएम योगी) यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि, "स्वामी विवेकानंद कहा करते थे- तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा।" हालांकि, इस बयान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के प्रसिद्ध कथन की जगह स्वामी विवेकानंद का नाम लेने पर विपक्ष ने आपत्ति जताई है और इसे लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।

अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा ये

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, अब सामान्य ज्ञान का स्तर देखकर-सुनकर समझ में आया कि ये प्रतियोगी परीक्षाओं के विरोधी क्यों हैं? उत्तर प्रदेश के युवा याद रखें ये वही हैं जिन्होंने बेरोजगारों की बेरोजगारी का मजाक उड़ाते हुए कहा था कि कमी नौकरी की नहीं है बल्कि युवाओं में योग्यता की कमी है। अपने नाम रूप जो काम होना चाहिए, उस तक में तो ये लड़खड़ाते हैं और दूसरों पर अयोग्यता का आरोप लगाते हैं। अगर इतना सामान्य ज्ञान नहीं है तो भला प्रदेश क्या चलाएंगे और ‘ज्ञान’ है पर किसी वजह से ‘ध्यान’ नहीं है तो ये और भी गलत बात है।

"एक कान से दूसरे कान तक बात पहुंचाने वाले लोग"

उन्होंने आगे कहा कि, कम-से-कम बाहर जाने पर तो संयम बरता जाए। इससे संपूर्ण विश्व में उत्तर प्रदेश की छवि को गहरी ठेस पहुंची है, दुनिया कह रही है ऐसे लोगों के हाथ में अगर यूपी की बागडोर है तो फिर क्या ही उम्मीद करना। वैसे इसका एक कारण ये भी हो सकता है कि इनके गुट के लोग तो स्वतंत्रता आंदोलन में थे नहीं, इसीलिए स्वतंत्रता सेनानियों का इतिहास ये भूमिगत भूमिका निभाने वाले लोग क्या जानें। ये ज्ञान नहीं एक कान से दूसरे कान तक बात पहुंचाने वाले लोग रहे हैं।

तृणमूल कांग्रेस ने वीडियो साझा कर कही यह बात

वहीं, अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भी सीएम योगी का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि, "योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर बंगाल के इतिहास को लेकर गंभीर जानकारी की कमी और उसके प्रति उपेक्षा को उजागर किया है। उन्होंने अपने बयान में "तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा" जैसे ऐतिहासिक कथन को स्वामी विवेकानंद से जोड़ दिया, जबकि यह प्रसिद्ध नारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस का है। दोनों ही बंगाल के महान व्यक्तित्व हैं, लेकिन उनकी पहचान और योगदान पूरी तरह अलग हैं। इसी के साथ, कई यूजर्स ने भी सीएम योगी को उनकी भूल याद दिलाई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article