Durgapur Gangrape Case: पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की MBBS छात्रा के साथ पिछले हफ्ते शुक्रवार को हुए सामूहिक बलात्कार के सिलसिले में चौथी गिरफ्तारी हुई है। बताया गया कि द्वितीय वर्ष की मेडिकल छात्रा से हुए गैंगरेप मामले में आसनसोल-दुर्गापुर कमिश्नरेट ने चौथी गिरफ्तारी की है। पुलिस ने शेख नसीरुद्दीन नाम के शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। अब जहां बाद में इसे अदालत में पेश किया जाएगा।
दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल के पास मेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार के मामले में चौथी गिरफ्तारी। (PTI)
पुलिस ने बताया कि तीन संदिग्धों की पहचान अपू बाउरी, शेख फिरदौस और शेख रियाज़ुद्दीन के रूप में हुई है। एक स्थानीय अदालत ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया है। वहीं, जिस पुरुष मित्र के साथ पीड़िता खाना खाने के लिए कैंपस से बाहर गई थी, वह अभी भी पूछताछ के लिए हिरासत में है।
कब-कैसे हुई ये वारदात
दरअसल, यह अपराध शुक्रवार रात करीब 8 बजे अंजाम दिया गया। पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की दोस्तों ने उन्हें रात करीब 9:30 बजे फोन किया। 23 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया जब वह अपने दोस्त के साथ बाहर गई थी। आरोपियों ने उसे शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि उन्होंने उसका मोबाइल फोन और उसके पास मौजूद ₹200 भी छीन लिए।
HT की एक रिपोर्ट में एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, 'मेडिकल कॉलेज में लगे सुरक्षा कैमरे की फुटेज में पीड़िता और उसका दोस्त शाम करीब 7.54 बजे कैंपस से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। छात्र रात करीब 8.42 बजे लौटा और इधर-उधर घूम रहा था। वह रात 8.48 बजे फिर से चला गया और करीब 9.30 बजे पीड़िता के साथ वापस लौटा।'
अधिकारी ने आगे बताया, 'पीड़िता ने बताया कि बलात्कार के बाद अपराधियों ने उसके फोन से उसके दोस्त को फोन किया, लेकिन फोन यह कहकर रख लिया कि वह 3,000 रुपये देने पर ही लौटाएगा। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से फोन जब्त कर लिया गया।'
सीएम ममता के बयान से बयान
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने MBBS छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार के मामले पर कहा, 'बंगाल में जीरो टॉलरेंस है, हम यहां इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करते हैं और मैं बाहर से यहां पढ़ने आने वाले छात्रों से भी अनुरोध करती हूं कि वे रात में बाहर न जाएं... निजी कॉलेज का भी एक दायित्व है कि छात्रों का ध्यान रखें। घटना निंदनीय है लेकिन जो लोग हॉस्टल में रहते हैं, उनका एक सिस्टम होता है। मैंने पुलिस से सख्त कार्रवाई करने को कहा है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।'
क्या है मामला?
ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली MBBS द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ शुक्रवार देर शाम अस्पताल भवन के पीछे बलात्कार किया गया। वह रात करीब साढ़े आठ बजे अपनी एक दोस्त के साथ परिसर से बाहर निकली थी। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति उसे घसीटकर एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसके साथ बलात्कार हुआ। उसे तुरंत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिलहाल उसकी निगरानी की जा रही है। घटनास्थल से उसके बैग, जूते और कपड़े सहित निजी सामान बरामद किया गया है।
