देश

बिहार में बिजली गिरने से अब तक 61 लोगों की मौत; दिल्ली और यूपी में तेज हवाओं और बारिश ने दी गर्मी से थोड़ी राहत

दिल्ली और यूपी में तेज हवाओं और बारिश के कारण पारा लुढ़क गया है। बिहार में बिजली गिरने से 61 लोगों की मौत हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार शाम धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलीं और मौसम विभाग ने आने वाले समय में प्रतिकूल मौसम की चेतावनी दी और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया।

Image

देशभर में बदला मौसम का मिजाज।

Weather Update: दिल्ली और उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को तेज हवाएं चलने से मौसम में अचानक बदलाव हुआ और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली जबकि बिहार में आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि से पिछले 24 घंटों में 61 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बिहार में व्रजपात से पिछले 24 घंटों में 61 लोगों की मौत

अधिकारियों ने बताया कि बिहार में ओलावृष्टि और बारिश से जुड़ी घटनाओं में 39 लोगों की मौत हो गई, जबकि आकाशीय बिजली गिरने से 22 लोगों की जान चली गई। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इन घटनाओं में सबसे अधिक 23 लोगों की मौत नालंदा जिले में हुई। इसके बाद भोजपुर (छह), सीवान, गया, पटना और शेखपुरा (चार-चार), जमुई (तीन) और जहानाबाद (दो) हैं। गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, अरवल, दरभंगा, बेगूसराय, सहरसा, कटिहार, लखीसराय, नवादा और भागलपुर जिलों में एक-एक मौत हुई।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

राजधानी दिल्ली में धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलीं

राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बृहस्पतिवार के अधिकतम तापमान से 3.8 डिग्री कम है। दिल्ली में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राजधानी में शुक्रवार शाम धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलीं और मौसम विभाग ने आने वाले समय में प्रतिकूल मौसम की चेतावनी दी और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया।

दिल्ली में खराब मौसम की वजह से शुक्रवार शाम इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 15 से ज्यादा उड़ानों का मार्ग बदल दिया गया। हवाई अड्डे के संचालक दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डीआईएएल) ने शाम 7:15 बजे ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'दिल्ली में खराब मौसम की वजह से दिल्ली हवाई अड्डे पर कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे उड़ानों के बारे में ताजा जानकारी के लिए अपनी-अपनी एयरलाइन से संपर्क करें।' विमानन कंपनी ‘इंडिगो’ ने कहा कि दिल्ली और जयपुर में धूल भरी आंधी चल रही है, जिससे विमानों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, लिहाजा हवाई यातायात में रुकावट पैदा हो सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में शनिवार को गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। उसने बताया कि दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

यूपी के कई जगहों पर तेज हवाएं और हल्की बारिश ने पहुंचाई गर्मी से राहत

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों मे शुक्रवार शाम को तेज हवाएं चलीं और हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। अधिकारियों ने बताया कि मुरादाबाद में एक निजी विश्वविद्यालय के पांच छात्र आकाशीय बिजली गिरने से घायल हो गए। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी एमपी सिंह ने बताया, 'बृहस्पतिवार रात को स्नातक के पांच छात्र अपने छात्रावास वापस जा रहे थे, तभी बारिश शुरू हो गयी। एक पेड़ के नीचे शरण लेने के दौरान छात्र आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए।'

मौसम के मिजाज में अचानक आए बदलाव से राज्य भर में चिलचिलाती गर्मी से लोगों को राहत मिली और दिन के अधिकतम तापमान में औसतन लगभग पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी। राज्य की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है। हालांकि, फतेहपुर और बांदा में राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक सहारनपुर, मुरादाबाद और हापुड़ समेत कई इलाकों में पिछली रात आकाशीय बिजली गिरी और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई।

उत्तराखंड और हिमाचल के कई इलाकों में हुई भारी बारिश, हल्की बर्फबारी

अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड में चमोली जिले के नंदप्रयाग क्षेत्र में भारी बारिश हुई, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के पुनर्निर्माण से निकला मलबा कई दुकानों और होटल में भर गया। आईएमडी ने लोगों को घरों के अंदर रहने, खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई तथा ऊंचाई वाले आदिवासी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई।

स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि शिमला, सुंदरनगर, कांगड़ा में आंधी आई जबकि धर्मशाला में लू की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर के अलग-अलग स्थानों पर 12 अप्रैल को आकाशीय बिजली गिरने के साथ आंधी-तूफान की आशंका संभावना जताते हुए चेतावनी जारी की है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

Sonam Wangchuk Hunger Strike: अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी नहीं टूटा सोनम वांगचुक का अनशन, पत्नी गीतांजलि ने प्रदर्शनकारियों से की ये खास अपील

Sonam Wangchuk Hunger Strike: अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी नहीं टूटा सोनम वांगचुक का अनशन, पत्नी गीतांजलि ने प्रदर्शनकारियों से की ये खास अपील

संसद का मानसून सत्र: सर्वदलीय बैठक आज, एजेंडे में रहेगा सोनम वांगचुक और राम मंदिर चंदा विवाद

संसद का मानसून सत्र: सर्वदलीय बैठक आज, एजेंडे में रहेगा सोनम वांगचुक और राम मंदिर चंदा विवाद

'शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देने की जरूरत नहीं, नीट पेपर मामला...', धर्मेंद्र प्रधान के समर्थन में उतरे NDA के दिग्गज नेता

'शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देने की जरूरत नहीं, नीट पेपर मामला...', धर्मेंद्र प्रधान के समर्थन में उतरे NDA के दिग्गज नेता

आज की ताजा खबर, 19 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: जॉर्डन में ईरानी हमले में दो और अमेरिकी सैनिकों की मौत, कोलकाता में आज 'शब्दलोक' का उद्घाटन करेंगे अमित शाह

आज की ताजा खबर, 19 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: जॉर्डन में ईरानी हमले में दो और अमेरिकी सैनिकों की मौत, कोलकाता में आज 'शब्दलोक' का उद्घाटन करेंगे अमित शाह

Parliament Monsoon Session: मानसून सत्र से पहले सियासी पारा हाई, जानिए किन मुद्दों पर हो सकता है सबसे ज्यादा हंगामा

Parliament Monsoon Session: मानसून सत्र से पहले सियासी पारा हाई, जानिए किन मुद्दों पर हो सकता है सबसे ज्यादा हंगामा