Weather Report: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों तक मौसम कैसा रहेगा, इसकी भविष्यवाणी कर दी है। मौसम विभाग की मानें तो अगले सात दिनों में उत्तर भारत (North India) को ठंड से राहत मिल सकती है, जहां इस सप्ताह भयंकर ठंड पड़ी है। शीत लहर (Cold Wave) ने लोगों को खूब परेशान किया है। अगले सप्ताह मौसम विभाग ने अगले सप्ताह के दौरान बारिश (Rain) की संभावना भी जताई गई है।
क्या कहा है मौसम विभाग ने
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि अगले सप्ताह के दौरान उत्तर भारत में शीत लहर की कोई स्थिति नहीं दिख रही है। यह अनुमान लगाया गया है कि इस महीने की 23 तारीख को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी यूपी में हल्की और मध्यम छिटपुट बारिश हो सकती है। इन इलाकों में बारिश 24 से 27 तारीख के बीच भी हो सकती है।
दिल्ली का मौसम
बात अगर दिल्ली की करें तो आईएमडी ने कहा है कि यहां भी शीतलहर की संभावना नहीं है। दिल्ली में भी 24 से 27 जनवरी के दौरान हल्की और मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद ठंड बढ़ सकती है। यानि कि गणतंत्र दिवस पर इस साल भी बारिश होने की संभावना है।
बाकी राज्यों का हाल
इस महीने की 23 और 24 तारीख को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में छिटपुट ओलावृष्टि होने की संभावना है। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 24 जनवरी को छिटपुट ओलावृष्टि होने की संभावना है।
