जम्मू-कश्मीर के सांबा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षा बलों ने एक बड़े सर्च ऑपरेशन के दौरान हथियारों की खेप बरामद की है। बरामद सामग्री में दो पिस्तौल, तीन मैगजीन, 16 राउंड गोला-बारूद और एक हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हथियार पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में भेजे गए थे।
सीमापार से आए हथियार को पंजाब में किया गया जब्त (फोटो- Times now Navbharat)
आतंकवादियों के लिए आए थे हथियार
सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF) और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान सीमा क्षेत्र में छिपाकर रखी गई हथियारों की खेप का पता चला। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों या सीमा पार तस्करी से जुड़े नेटवर्क द्वारा किया जाना था।
सर्च ऑपरेशन जारी
फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस खेप को लेने वाला कौन था और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है। सुरक्षा बलों ने सीमा पर निगरानी और ड्रोन रोधी उपायों को और सख्त कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियार भेजने की घटनाएं लगातार चुनौती बनी हुई हैं, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।
सांबा में सुरक्षा सख्त
सुरक्षा बलों ने संदिग्ध गतिविधियों के मद्देनजर जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में शुक्रवार को तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा कटली क्षेत्र में हथियारबंद एक संदिग्ध व्यक्ति को देखे जाने की सूचना देने के तुरंत बाद यह कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक संयुक्त टीम ने शहर के बाहरी इलाके सिधरा के वन क्षेत्रों में तलाशी और छानबीन अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई गणतंत्र दिवस समारोहों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए की जा रही व्यापक तैयारियों का हिस्सा है।
