Jairam Ramesh : आगामी 21 जुलाई से शुरू होने जा रहे संसद के मानसून सत्र में विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है। भारत-पाकिस्तान सीजफायर, ऑपरेशन सिंदूर, बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण ऐसे मुद्दे हैं जिन पर विपक्ष आक्रामक रणनीति तैयार कर रहा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इसके संकेत भे दे दिए हैं। रमेश ने बुधवार को कहा कि अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'ऑपरेशन सिंदूर' रुकवाने का दावा 66 दिनों में 23 बार किया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस मुद्दे पर हम संसद में पीएम का बयान चाहेंगे।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश। तस्वीर-PTI
ट्रंप से पीएम मोदी की क्या बातचीत हुई-रमेश
कांग्रेस सांसद ने कहा, '66 दिनों में 23 बार अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच शत्रुता समाप्त करवाने और ऑपरेशन सिंदूर को रोकने की जिम्मेदारी उन्होंने ली है। सभी विपक्षी दल एकजुट हैं और हम चाहते हैं कि प्रधानमंत्री इस बारे में बताएं कि उनकी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बीच क्या बातचीत हुई थी। पहलगाम आतंकी हमले के लिए जिम्मेदार आतंकियों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। हम बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभ्यास का मुद्दा भी उठाएंगे। हमें उम्मीद है कि INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक भी जल्द बुलाई जाएगी।'
'बिहार में डर का माहौल बनाया जा रहा'
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभ्यास पर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, 'मतदाताओं के संवैधानिक अधिकार छीने जा रहे हैं, यह मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। नागरिकता साबित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी नहीं है। फिर यह अभ्यास विधानसभा चुनाव से चार से पांच महीने पहले क्यों किया जा रहा है? बिहार में डर का माहौल बनाया जा रहा है।'
देश सच जानना चाहता है-रमेश
उन्होंने कहा, '21 जुलाई से संसद फिर से शुरू होगी। इसमें कोई शक नहीं कि इससे पहले स्कोर (ट्रंप के दावे का) बदल जाएगा। लेकिन प्रधानमंत्री को लोकसभा और राज्यसभा में साफ शब्दों में जवाब देना होगा। देश सच जानना चाहता है।' राष्ट्रपति ट्रंप ने इंडोनेशिया के साथ व्यापार समझौते की घोषणा करते हुए कहा, 'अब भारत के साथ भी इसी दिशा में काम कर रहे है। हमें भारत में प्रवेश मिलेगा। आपको समझना होगा कि इनमें से किसी भी देश तक हमारी पहुंच नहीं थी। हमारे लोग वहां नहीं जा सकते थे और अब हमें प्रवेश मिल रहा है क्योंकि हम शुल्क के माध्यम से ऐसा कर रहे हैं।'
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले कुछ हफ्तों में कई बार यह दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच बीते मई महीने में सैन्य संघर्ष को व्यापार समझौते के जरिए सुलझाया। दूसरी तरफ भारत का कहना है कि पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) के संपर्क किए जाने के बाद सैन्य कार्रवाई रोकने पर विचार किया गया।
