Murshidabad Violence: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हिंसा थमने का नाम ही नहीं ले रही है। वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ जारी प्रदर्शन से कथित रूप से जुड़ी हिंसक झड़पों में पिता-पुत्र की मौत हो गई। इस बीच, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बंगाल को आग में झोंकना चाहते हैं।
'अफवाहों पर न दें ध्यान'
अभिषेक बनर्जी ने प्रदेशवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें शांति बनाए रखनी चाहिए और अफवाहों पर ध्यान न दें... कई लोग धर्म के नाम पर विभाजन के बीज बोकर बंगाल में अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं आज सभी से शांति बनाए रखने और बंगाल की सद्भाव की विरासत को बनाए रखने की अपील करता हूं। हम सभी को सतर्क और जागरूक रहना चाहिए। कुछ लोग चाहते हैं कि बंगाल जल जाए।
भाजपा-माकपा पर बरसे अभिषेक
इस दौरान अभिषेक बनर्जी ने भाजपा और माकपा पर निशाना साधा और कहा कि दोनों बंगाल में अराजकता फैलाने की साजिश कर रहे हैं। वे चाहते हैं कि नफरत की आग पूरे राज्य को अपनी चपेट में ले लें, लेकिन यह बता दें कि हम पूरी ताकत से लड़ने के लिए तैयार हैं। हमने कभी भी अपने लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचने दिया और इस बार भी कुछ अलग नहीं होगा।
ममता सरकार पर बरसी भाजपा
वहीं, भाजपा ने शनिवार को ममता सरकार पर 'हिंदू विरोधी हिंसा' भड़काने का आरोप लगाया। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में 'राज्य प्रायोजित हिंसा, हिंदू विरोधी हिंसा' हो रही है। उन्होंने कहा कि संसद में वक्फ बिल पारित हो गया है। इसे देश में स्वीकार कर लिया गया है और कुछ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था राज्य का विषय है और हिंसा को रोकना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।
