Earthquake in Delhi-NCR Today : दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह भूकंप के तेज झटके लगे। भूकंप के इन झटकों ने सो रहे लोगों को नींद से जगा दिया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.0 रही। भूकंप के ये झटके 5 बजकर 36 मिनट पर महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र नई दिल्ली में और जमीन से करीब पांच किलोमीटर भीतर था। चूंकि भूकंप की गहराई ज्यादा नहीं थी इसलिए कम मात्रा के भूकंप के झटके भी लोगों को ज्यादा तेज महसूस हुए। झटके महसूस होने के बाद लोग घबराहट में घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। भूकंप की वजह से एक दहशत का माहौल बन गया। भूकंप के झटके दिल्ली-एनसीआर के अलावा पड़ोसी राज्यों में भी महसूस किए गए।
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह महसूस हुए भूकंप के तेज झटके।
'लगा जमीन के अंदर से ट्रेन गुजरी हो'
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री ने बताया कि हमें भूकंप के तेज झटके महसूस हुए। ऐसा लगा कि मानो यहां जमीन के अंदर कोई ट्रेन गुजर रही हो। यह सबकुछ हिल रहा था।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर चाय बेचने वाले दुकानदार अनीश ने बताया कि यहां सब कुछ हिल रहा था। यहां खड़े लोग चीखने लगे थे।
प्रतीक्षालय में अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री ने कहा कि वह लाउंज में थे। झटके महसूस होने के बाद सभी लोग भागकर बाहर आ गए। ऐसा लगा मानो कोई पुल या कोई चीज भरभराकर गिर रही हो।
गाजियाबाद के एक निवासी ने बताया कि उसने भूकंप के इतने तेज झटके कभी महसूस नहीं किए। पूरी इमारत हिल रही थी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक यात्री ने बताया कि भूकंप के ये झटके बहुत कम समय तक आए फिर भी इसकी तीव्रता बहुत ज्यादा थी। ऐसा लगा कि कोई ट्रेन बहुत तेज रफ्तार से गुजरी हो।
गहराई कम होने से लगे ज्यादा तेज झटके
राष्ट्रीय भूकंप केंद्र के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 थी। इसका केंद्र नई दिल्ली में जमीन से पांच किलोमीटर की गहराई पर था। यह 28.59 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 77.16 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। गहराई कम होने और केंद्र दिल्ली में होने के कारण दिल्ली-एनसीआर में इसे ज्यादा महसूस किया गया। कई साल के बाद भूकंप का केंद्र दिल्ली-एनसीआर में रहा है।
