देश

Panna: वक्फ कानून से अवैध निर्माण करने वालों में खौफ, मदरसा संचालक ने खुद गिरा दिया अवैध मदरसा

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की बीडी कॉलोनी में बेशकीमती सरकारी ज़मीन पर अवैध रूप से मदरसा बनाया गया था। यह अवैध मदरसा पिछले 30 सालों से चल रहा था, कई वर्षों से स्थानीय लोग और समाजसेवी इस पर आपत्ति जता रहे थे।

Image

पन्ना में अवैध मदरसा को गिराया गया

वक्फ कानून पास होने के बाद अवैध कब्जाधारियों में इसका खौफ भी दिखने लगा है। मध्य प्रदेश के पन्ना में एक संचालक ने अवैध मदरसे को खुद गिरा दिया। मदरसा संचालक को पहले भी नोटिस दिया जा चुका था, मामला कोर्ट में पहुंच गया था, लेकिन अब कानून पास होने के बाद संचालक ने खुद ही मदरसा गिरा दिया।

30 सालों से चल रहा था मदरसा

पन्ना जिले की बीडी कॉलोनी में पिछले 30 वर्षों से अवैध मदरसा संचालित हो रहा था। प्रशासन द्वारा कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन मदरसा संचालक ने कोई जवाब नहीं दिया। वक्फ संशोधन बिल के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी, जिसके परिणामस्वरूप मदरसा संचालक ने स्वयं मदरसे पर बुलडोजर चलवा दिया।

सरकारी जमीन पर बना था मदरसा

पन्ना जिले की बीडी कॉलोनी में बेशकीमती सरकारी जमीन पर अवैध रूप से मदरसा बनाया गया था। कई वर्षों से स्थानीय लोग और समाजसेवी इस पर आपत्ति जता रहे थे, शिकायतें की गईं, लेकिन पहले कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप ये थे कि मदरसे के नाम पर पैसा वसूला जा रहा था और कुछ संदिग्ध गतिविधियां भी संचालित हो रही थीं। यह मदरसा 30 सालों से बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहा था।

मदरसा संचालकों ने क्या कहा

मामला लंबे समय से न्यायालय में लंबित था, इसलिए प्रशासन सीधे हस्तक्षेप नहीं कर सका। लेकिन वक्फ संशोधन बिल और हाल की सख्त नीति के चलते प्रशासन ने नोटिस देकर कार्रवाई की चेतावनी दी। प्रशासन की चेतावनी के बाद मदरसा संचालक ने स्वेच्छा से बुलडोजर लगवाकर अवैध निर्माण को गिरवा दिया। उनका कहना है कि उन्हें ग्राम पंचायत से अनुमति मिली थी, पर अब जब वह क्षेत्र नगर निगम की सीमा में आ गया है, तो प्रशासन इसे अवैध मान रहा है। इसलिए उन्होंने विवाद को बढ़ाने की बजाय खुद निर्माण हटाने का फैसला किया।

क्या बोले सांसद वीडी शर्मा

वहीं पन्ना सांसद वी. डी. शर्मा ने इसे लेकर कहा कि खुद वहां के मुस्लिम भाइयों ने इसकी शिकायत की थी कि वक्फ की जमीन पर अवैध निर्माण करके अनैतिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं। अब यह नए कानून (वक्फ संशोधन) की वजह से संभव हो पाएगा कि इस तरह की गतिविधियों पर लगाम लगे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article