देश

JDU के बाद अब वक्फ को लेकर रालोद में मचा घमासान, महासचिव शाहजेब रिजवी ने दिया इस्तीफा

Waqf Amendment Bill 2025: राजग के घटक दल राष्ट्रीय लोकदल द्वारा संसद में वक्फ संशोधन विधेयक का समर्थन करने पर पार्टी के प्रदेश महासचिव शाहजेब रिजवी ने शुक्रवार को अपने पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे को वक्फ विधेयक पर राष्ट्रीय लोकदल में बगावत के रूप में देखा जा रहा है।

Image

वक्फ संशोधन विधेयक का समर्थन करने पर रालोद के प्रदेश महासचिव शाहजेब रिजवी ने पार्टी से इस्तीफा दिया

Photo : Twitter

Waqf Amendment Bill: भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल राष्ट्रीय लोकदल द्वारा संसद में वक्फ संशोधन विधेयक का समर्थन करने पर पार्टी के प्रदेश महासचिव शाहजेब रिजवी ने शुक्रवार को अपने पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे को वक्फ विधेयक पर राष्ट्रीय लोकदल में बगावत के रूप में देखा जा रहा है। रालोद के प्रदेश महासचिव शाहजेब रिजवी ने अपने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा कि संसद में वक्फ संशोधन विधेयक का समर्थन करने के पार्टी प्रमुख जयंत चौधरी के फैसले से नाराज होकर हमने अपने पद से इस्तीफा देने के साथ ही पार्टी भी छोड़ दी है।

आने वाले दिनों में और भी कई नेता पार्टी छोड़ेंगे-रिजवी

रिजवी ने दावा किया कि आने वाले दिनों में और भी कई नेता पार्टी छोड़ेंगे। दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पौत्र जयंत चौधरी केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री हैं। शाहजेब रिजवी अपने इस्तीफे के साथ ही चौधरी के विरोध में मुखर हो गए हैं। राष्ट्रीय लोकदल से इस्तीफा देने के बाद वे कहां जाएंगे, इस सवाल पर रिजवी ने कहा कि अभी उन्होंने इस बारे में कोई फैसला नहीं लिया है। साथी कार्यकर्ताओं से सलाह-मशवरा के बाद ही वह अगला कदम उठाएंगे। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि उनके साथ राष्ट्रीय लोकदल छोड़ने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या दो हजार से अधिक है। रिजवी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी पर मुस्लिम मतदाताओं की भावनाओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है।

चौधरी चरण सिंह के बताए रास्ते से जयंत चौधरी भटक गए हैं- रिजवी

रिजवी ने कहा कि आज राष्ट्रीय लोकदल के अगर पश्चिमी उप्र में 10 विधायक हैं तो इसमें बड़ा योगदान मुसलमानों का है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह के बताए रास्ते से जयंत चौधरी भटक गए हैं और लोग उनके फैसले से निराश हैं। शाहजेब रिजवी ने आरोप लगाया कि जयंत चौधरी ने वक्फ विधेयक का समर्थन करके मुसलमानों को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों ने जयंत चौधरी को खूब वोट दिए, लेकिन उन्होंने वक्फ विधेयक का समर्थन किया। यह मुसलमानों की भावनाओं और अधिकारों के खिलाफ है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article