देश

बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन से पहले पढ़ लें ये खबर! बदल गए VIP एंट्री और सुरक्षा के नियम

Banke Bihari Mandir: वृंदावन के प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में अब विशिष्टजन (VIP) अपने साथ निजी सुरक्षाकर्मियों (बाउंसर्स) को मंदिर के भीतर नहीं ले जा सकेंगे। हाल ही में एक सुरक्षाकर्मी द्वारा जूते पहनकर प्रवेश करने और हंगामे के बाद, उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने यह सख्त फैसला लिया है। इसके अलावा, मंदिर प्रशासन ने 'फूल-बंगला' सजाने की राशि में 50 हजार रुपये की कटौती की है और प्रसाद में मिलावट रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब मंदिर की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए एचडी कैमरों के साथ एआई (AI) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।

Image

बांकेबिहारी मंदिर में अब विशिष्टजन (VIP) अपने साथ निजी सुरक्षाकर्मियों (बाउंसर्स) को मंदिर के भीतर नहीं ले जा सकेंगे।

Photo : iStock

Banke Bihari Mandir: वृन्दावन स्थित ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने के लिए आने वाले विशिष्टजन (वीआईपी) अब अपने साथ निजी सुरक्षाकर्मियों को मंदिर के भीतर नहीं ले जा सकेंगे।

यह निर्णय बृहस्पतिवार को उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एवं समिति के अध्यक्ष की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में लिया गया। उच्चतम न्यायालय द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति जल्द ही इस संबंध में दिशा-निर्देश लागू करेगी।

सुरक्षाकर्मी की हरकत पर हुआ था विवाद

विगत दिनों मध्य प्रदेश के एक विशिष्टजन के साथ आए निजी सुरक्षाकर्मी द्वारा जूते पहनकर मंदिर में प्रवेश करने और वहां तैनात सुरक्षार्मियों की ओर से बाहर जाने की सलाह दिए जाने के बाद भी आसानी से उसका पालन न करने पर हंगामा हुआ था। विशिष्टजन के साथ आए सुरक्षाकर्मी की हरकत का मंदिर के सेवायतों और भक्तों ने कड़ा विरोध किया था।

समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार पूर्व जिला न्यायाधीश मुकेश मिश्रा, जिला न्यायाधीश विकास कुमार, जिलाधिकारी एवं सचिव चन्द्र प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त मथुरा-वृन्दावन नगर निगम जगप्रवेश आदि पदेन सदस्यों व सेवायत समूहों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में लिए गए निर्णय के मुताबिक मंदिर में निजी सुरक्षाकर्मियों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए मंदिर के प्रबंधक को निर्देश दिए गए और तय किया गया कि जल्द ही इस संबंध में नए नियम लागू किए जाएंगे।

'फूल-बंगला’ की राशि पर मिली 50 हजार की छूट

मंदिर में ग्रीष्म काल में ठाकुरजी को गर्मी से राहत प्रदान करने के लिए सजाए जाने वाले ’फूल-बंगलों’ के लिए तय की गई अपेक्षित राशि में 50 हजार रुपये की छूट दे दी गई है। अब सेवायत जिजमान से 1.51 लाख रुपये के स्थान पर 1.01 लाख रुपये जमा कराकर ’फूल-बंगला’ सजवा सकेंगे।

बैठक में मंदिर के चबूतरे से अतिक्रमण हटाने, कॉरिडोर योजना का मार्ग प्रशस्त करने के लिए अपेक्षित भवनों, दुकानों की रजिस्ट्री प्रक्रिया में तेजी लाने, मंदिर के खातों का सुचारू संचालन, मंदिर से जुड़े निधिवन की सेवा व्यवस्था व मंदिर की सुरक्षा में की जिम्मेदारी संभाल रही एजेंसी का ठेका अगले वित्त वर्ष के लिए लागू करने आदि दो दर्जन से अधिक विषयों पर चर्चा की गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग को क्या मिले निर्देश?

समिति ने मंदिर के आसपास बिकने वाली खाद्य वस्तुओं में मिलावट की समस्या के निदान के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों से अनवरत छापेमारी कर कठोर कार्रवाई करने तथा अपमिश्रण पर रोकथाम लगाने के निर्देश दिए। समिति ने प्रसाद के रूप में प्रयोग किए जाने वाले मिलावटी पेड़ों की बिक्री पर गहरी नाराजगी प्रकट की। समिति ने फैसला किया कि मंदिर परिसर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को एचडी एवं एआई तकनीकि से लैस किया जाएगा।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article