देश

राज्यसभा की 15 सीटों पर मतदान जारी, यूपी में मुकाबला दिलचस्प, सपा के 8 विधायकों पर खास नजर

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Feb 27, 2024, 11:14 AM IST

उत्तर प्रदेश की 10 सीटों, कर्नाटक की चार और हिमाचल प्रदेश की एक सीट पर आज मतदान कराया जाएगा। इनमें से सबसे दिलचस्प मामला उत्तर प्रदेश का है।

Image

राज्यसभा चुनाव आज, यूपी पर नजर

Rajya Sabha Voting Today: उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में राज्यसभा की 15 सीटों पर मतदान जारी है। इन तीनों राज्यों में एक-एक अतिरिक्त उम्मीदवार के मैदान में उतरने से चुनाव दिलचस्प हो गया है और मतदान कराना पड़ रहा है। चुनाव परिणाम आज देर शाम को घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव आयोग ने 15 राज्यों में 56 सीटों के लिए 27 फरवरी को चुनाव की घोषणा की थी। इसमें से 12 राज्यों में भाजपा के 20 उम्मीदवार समेत 41 निर्विरोध चुन लिए गए हैं।

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए मतदान

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीट के लिए मंगलवार सुबह नौ बजे से मतदान जारी है। राज्यसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने आठ और समाजवादी पार्टी ने तीन उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। भाजपा ने अपने आठवें उम्मीदवार के रूप में संजय सेठ को मैदान में उतारा है। इस कारण एक सीट पर कड़ी प्रतिस्पर्धा होने की संभावना है। स्थानीय उद्योगपति एवं पूर्व सपा नेता सेठ 2019 में भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा के सात अन्य उम्मीदवार पूर्व केंद्रीय मंत्री आर.पी.एन. सिंह, पूर्व सांसद चौधरी तेजवीर सिंह, पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के महासचिव अमरपाल मौर्य, पूर्व राज्य मंत्री संगीता बलवंत (बिंद), पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, पूर्व विधायक साधना सिंह और आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन हैं।

इन राज्यों की 15 सीटों पर चुनाव

उत्तर प्रदेश की 10 सीटों, कर्नाटक की चार और हिमाचल प्रदेश की एक सीट पर आज मतदान कराया जा रहा है। इनमें से सबसे दिलचस्प मामला उत्तर प्रदेश का है। यहां 10 सीटों के लिए 11 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। भाजपा से नवीन जैन, आरपीएन सिंह, चौधरी तेजवीर सिंह, अमरपाल मौर्य, साधना सिंह, संगीता बलवंत, सुधांशु त्रिवेदी, और संजय सेठ उम्मीदवार हैं। वहीं, सपा ने जया बच्चन, आलोक रंजन और रामजी सुमन को मैदान में उतारा है।

यूपी में 397 विधायक ही वोट डाल सकेंगे

403 सदस्यीय विधानसभा में 397 विधायक ही वोट डाल सकेंगे। चार सीटें खाली हैं। इस तरह हर उम्मीदवार को जीत के लिए 37 वोटों की जरूरत है। भाजपा के 285 विधायक और सपा के पास 108 विधायक हैं। भाजपा के सात और सपा के दो उम्मीदवार की जीत पक्की है। भाजपा को अपने आठवें उम्मीदवार को जिताने के लिए 8 और वोट चाहिए। राजा भैया और जयंत चौधरी भाजपा को समर्थन देने का ऐलान कर चुके हैं। ऐसे में सपा के तीसरे उम्मीदवार की जीत पर सवालिया निशान लग गया है।

सपा के 8 विधायक कर सकते हैं क्रॉस वोटिंग

बीजेपी को अपने आठों उम्मीदवारों जिताने के लिए 296 वोटों की जरूरत होगी। सपा के कुल 108 विधायक हैं। अगर कांग्रेस के दो विधायकों के वोट भी गिन लिए जाए, तो भी ये संख्या 110 ही पहुंचती है। सपा के दो विधायक जेल में है। लिहाजा सपा के 108 विधायक ही मतदान कर पाएंगे। इसमें से 8 विधायक सपा की डिनर पार्टी में नही पहुंचे। अगर 5 विधायक भी क्रॉस वोटिंग करते है तो सपा का तीसरा कैंडिडेट हार जाएगा।

सपा के ये 8 विधायक बैठक में शामिल नहीं हुए

1. चायल से विधायक पूजा पाल

2. गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह

3. गोसाईगंज विधायक अभय सिंह

4. अमेठी विधायक महाराजी देवी (गायत्री प्रजापति की पत्नी है)

5. काल्पी विधायक विनोद चतुर्वेदी

6. ऊंचाहार से विधायक मनोज पांडेय

7. अंबेडकरनगर से विधायक राकेश पांडेय

8. पल्लवी पटेल

जीत के लिए 37 वोटों की जरूरत

यूपी में हर उम्मीदवार को जीतने के लिए कम से कम 37 वोटों की जरूरत होगी। बीजेपी के पास 252 विधायक हैं। अपना दल - 13, राष्ट्रीय लोक दल (RLD)-9, निषाद पार्टी -6 सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP)-6,एक विधायक अब्बास अंसारी जेल में है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article