Vote Adhikar Yatra : बिहार में 'वोट अधिकार यात्रा' अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। 30 अगस्त इस यात्रा का अंतिम दिन है। यह यात्रा सिवान पहुंची है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को इस यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे। अखिलेश, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ खुली जीप में सवार हुए और यात्रा का हिस्सा बने। तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस ऐतिहासिक यात्रा को देखकर भाजपा डर गई है। एनडीए में खलबली मची हुई है। इस बार वे बिहार की सत्ता में नहीं आएंगे। वोट अधिकार यात्रा का समापन एक सितंबर को पटना के गांधी मैदान में होना है।
इस यात्रा का आज आखिरी दिन
शनिवार को यात्रा निकलने से पहले राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, 'आज इस यात्रा का आखिरी दिन है, लेकिन वोट के अधिकार की लड़ाई जारी रहेगी। जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, यह यात्रा अब तेजस्वी यादव और राहुल गांधी के नियंत्रण में नहीं है; यह लोगों के दिलों में प्रवेश कर चुकी है। यह उनके लिए परेशानी का कारण बन गई है और उनके डर की वजह बन गई है। साफ़ है कि इस यात्रा का असर केवल बिहार तक सीमित नहीं है बल्कि राज्य की सीमाओं से बाहर भी पहुंच चुका है।'
गृहमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए-मनोज झा
गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर उन्होंने कहा, 'अमित शाह को पहले यह सोचना चाहिए कि अगर देश में अवैध घुसपैठिए हैं तो उसके जिम्मेदार कौन हैं? माननीय गृहमंत्री, आप जिम्मेदार हैं। आपको सम्मानपूर्वक इस्तीफा दे देना चाहिए।'
राहुल के बारे में झूठ फैला रहे शाह-कांग्रेस
कांग्रेस ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार करते हुए कहा कि बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को मिल रहे जनसमर्थन से घबराकर वह राहुल गांधी के बारे में झूठ फैला रहे हैं। शाह ने असम में कहा कि बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उनकी 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के लिए कहे गए 'अपशब्दों' के लिए माफी मांगनी चाहिए। इसको लेकर रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘केंद्रीय गृह मंत्री, दुर्भावनापूर्ण तरीके से बदनाम करने और ध्यान भटकाने की कला में माहिर माने जाते हैं। बिहार में कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को मिल रहे जबरदस्त जनसमर्थन से घबराए, असहज और बौखलाए गृह मंत्री अब राहुल गांधी और अन्य नेताओं के बारे में झूठ फैलाने में लगे हुए हैं।’
दरअसल, एक वीडियो सामने आया था जिसमें एक व्यक्ति दरभंगा में यात्रा के दौरान बनाए गए मंच से प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करता हुआ दिखाई दे रहा है। इसी स्थान से राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और राजद नेता तेजस्वी यादव मोटरसाइकिल से मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए थे।
