विश्व भारती विवाद को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) चीफ ममता बनर्जी ने कहा है कि संस्थान के भगवाकरण के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि उन्होंने संस्थान की ओर नोबेल पुरस्कार विजेता आमर्त्य सेन पर ‘अवैध कब्जे’ के आरोपों को आधारहीन और बेबुनियाद बताया। सोमवार (30 जनवरी, 2023) को वह बोलपुर में सेन के आवास पहुंचीं, जहां सीएम ने जमीन से जुड़े डॉक्यूमेंट्स सेन को सौंपे और इस बात पर जोर दिया कि आगे से उनसे ‘‘कोई सवाल नहीं करेगा।’’
सीएम ने इसके अलावा नोबेल पुरस्कार विजेता को भविष्य में उनकी सुरक्षा के लिए जेड-प्लस सुरक्षा देने का ऐलान भी किया। सेन के साथ बैठीं बनर्जी बोलीं, ‘‘उनके (सेन) खिलाफ जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप आधारहीन हैं। यह उनकी छवि को खराब करने का प्रयास है। किसी को उनका अपमान करने का अधिकार नहीं है।हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे।’’
बकौल दीदी, ‘‘मैं विश्व-भारती का सम्मान करती हूं, लेकिन पवित्र संस्थान के भगवाकरण का प्रयास किया जा रहा है।’’ दरअसल, विश्व-भारती ने पिछले सप्ताह सेन से कहा था कि वह शांतिनिकेतन में कथित रूप से ‘‘अवैध तरीके से’’ कब्जा की हुई जमीन के हिस्सों को खाली कर दें। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)
