हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता को तीन जिंदा कारतूस के साथ जान से मारने की धमकी भरा पत्र मिला है
Hindu Sena President Threatening to Kill: श्रीकृष्ण जन्मभूमि (Krishna Janmabhoomi Case) मामले में पक्षकार विष्णु गुप्ता ने जान से मारने की धमकी भरी चिट्ठी मिलने का आरोप लगाया है। हिंदू सेना (Hindu Sena) के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता का कहना है कि चिट्ठी के साथ तीन कारतूस भी उनके पूर्वी दिल्ली स्थित आवास पर भेजे गए, विष्णु गुप्ता ने इस संबंध में दिल्ली के मधु विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई है
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, गौर हो कि विष्णु गुप्ता का दिल्ली में मधु विहार आईपी एक्सटेंशन में घर है, हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता का आरोप है कि उनके घर एक पार्सल आया, इसमें तीन कारतूस के साथ जान से मारने की धमकी भरा पत्र रखा था।
धमकी भरे पत्र में क्या लिखा था
विष्णु गुप्ता ने बताया कि बुधवार दोपहर साढ़े तीन बजे वह यूपी से घर लौटे तो उनके दरवाजे पर पीले रंग का एक लिफाफा रखा था। उन्होंने उस लिफाफे को खोला, तो उसमें धमकी भरा पत्र व तीन कारतूस निकले, पत्र में लिखा था- 'कृष्ण जन्मभूमि का केस वापस ले ले, नहीं लेगा, तो चौथी गोली तेरे सिर में पहुंचाने में देर नहीं लगेगी।'
सुप्रीम कोर्ट की शाही ईदगाह सर्वे पर अंतरिम रोक
ध्यान रहे है कि पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने शाही ईदगाह के सर्वे पर अंतरिम रोक लगा दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम पक्ष की मांग पर कोर्ट कमिश्नर के सर्वे पर रोक लगाने का आदेश दिया था, हाईकोर्ट ने शाही ईदगाह का सर्वे किए जाने का आदेश दिया था।
