Vikramaditya Singh : पंजाब के किसानों पर बयान देने के बाद मंडी से भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत विपक्ष के निशाने पर हैं। यहां तक कि कंगना के इस बयान से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी किनारा करते हुए उन्हें इस तरह का बयान न देने की हिदायत दी है। अब कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने भी मंडी की सांसद पर निशाना साधा है। विक्रमादित्य ने मंगलवार को कहा कि यह कंगना का मानसिक दिवालियापन दिखाता है, उन्हें इधर-उधर का बात करने की जगह जहां से वह चुनकर आई हैं, वहां के मुद्दों को उठाना चाहिए।
भारत में किसानों के प्रदर्शन पर दिए बयान पर घिरीं हैं कंगना।
मंडी के मुद्दों पर बोलें कंगना-विक्रमादित्य सिंह
हिमाचल सरकार में मंत्री ने कहा, 'मंडी की सांसद ने जो बयान दिया है, वह उनकी मानसिक दिवालियापन को दिखाता है। बिना किसी जानकारी के उन्होंने अपनी ही सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाया है। कंगना का कहना है कि हरियाणा में चीन और अमेरिका दखल दे रहे हैं। मैं विदेश मंत्री एस जयशंकर से पूछना चाहता हूं कि वे कंगना के बारे में क्या सोचते हैं। विदेश नीति और इस तरह के मुद्दों में पड़ने की जगह कंगना जहां से हिमाचल और मंडी से सांसद चुनी गई हैं, वहां के मुद्दों पर बोलना चाहिए।'
बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा हो सकती थी-कंगना
दरअसल, एक समाचार पत्र से बातचीत में कंगना ने किसान आंदोलन के बारे में बयान दिया। अपने इस साक्षात्कार की एक क्लिप उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट की जिसमें उन्होंने कहा था कि 'अगर देश का नेतृत्व मजबूत नहीं होता तो भारत में भी ‘बांग्लादेश जैसी स्थिति’पैदा हो सकती थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि किसानों के प्रदर्शन के दौरान ‘लाशें लटकी थी और दुष्कर्म की घटनाएं हो रही थीं।’ उन्होंने ‘षड्यंत्र’में चीन और अमेरिका के शामिल होने का आरोप लगाया।
भाजपा ने कंगना के बयान से किनारा किया
हालांकि, विवाद बढ़ने पर भाजपा ने कंगना के बयान से असहमति जताते हुए किनारा कर लिया। भाजपा के केंद्रीय मीडिया विभाग की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘सांसद कंगना रनौत द्वारा किसान आंदोलन के परिप्रेक्ष्य में दिया गया बयान, पार्टी का मत नहीं है। भाजपा कंगना रनौत के बयान से असहमति व्यक्त करती है। पार्टी की ओर से, पार्टी के नीतिगत विषयों पर बोलने के लिए कंगना रनौत को न तो अनुमति है और न ही वे बयान देने के लिए अधिकृत हैं।’ भाजपा के रनौत की टिप्पणी से खुद को अलग कर लेने के बीच कांग्रेस ने सत्तारूढ़ पार्टी से कहा कि यदि वह वास्तव में रनौत के विचारों से असहमत है तो उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाए।
राहुल बोले-भाजपा किसानों के खिलाफ
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत का विवादित बयान भाजपा की किसान विरोधी नीति एवं नीयत का एक और सबूत है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि किसानों से किए वादों को पूरा करने में नाकाम मोदी सरकार का दुष्प्रचार तंत्र लगातार किसानों का अपमान करने में जुटा हुआ है।
