अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का पावन पर्व विजयादशमी मंगलवार को देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरे भारत में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राजधानी की कई भव्य रामलीलाओं में पारंपरिक राम-रावण युद्ध के जीवंत मंचन के बाद आतिशबाजी के बीच रावण, कुंभकरण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया गया। इस अवसर पर देश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग रामलीला मैदानों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और देशवासियों को विजयादशमी की बधाई दी।
रावण दहन करतीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
द्वारका में राष्ट्रपति मुर्मू ने किया 221 फीट ऊंचे रावण का दहन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारका सेक्टर-10 में 'द्वारका श्री रामलीला सोसायटी' द्वारा आयोजित विजयादशमी समारोह में शामिल हुईं। यहां आयोजित रामलीला के समापन पर 221 फीट ऊंचे रावण के विशालकाय पुतले का दहन किया गया, जो इस बार पूरी दिल्ली के मुख्य आकर्षणों में से एक रहा। समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि दशहरा के पावन अवसर पर देश और दुनिया के अनेक स्थानों पर आयोजित रामलीलाओं के माध्यम से करोड़ों लोग प्रभु श्री राम की पावन कथा और उनके महान जीवन आदर्शों को याद करते हैं और अपने जीवन में उतारते हैं।
पीएम मोदी ने भी किया रावण दहन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज स्थित 'आईपी एक्सटेंशन उत्सव ग्राउंड' में आयोजित रामलीला समिति के विजयादशमी समारोह में पहुंचे। वहां उन्होंने रावण दहन किया। जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने प्रभु राम के जीवन को सुशासन की नींव बताया। उन्होंने कहा कि भारत का कोना-कोना राममय है। यह केवल एक त्योहार नहीं है, बल्कि यह भारत की प्राण ऊर्जा है। प्रभु श्री राम का जीवन आज भी गवर्नेंस और सुशासन का सबसे बड़ा मानदंड माना जाता है। रामराज्य का अर्थ है, एक ऐसा शासन जहां किसी के साथ भेदभाव न हो, सबको न्याय और समान अवसर मिले, जहां सत्ता का उद्देश्य केवल शासन करना नहीं बल्कि 'जन कल्याण' हो।
प्रधानमंत्री ने गोस्वामी तुलसीदास की पंक्तियों "दैहिक दैविक भौतिक तापा राम राज नहिं काहुहि ब्यापा" का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें हमेशा 'नागरिक देवो भव' के मंत्र पर आगे बढ़ना है और गरीब व वंचितों की सेवा को सर्वोपरि रखना है।
गुजरात CM ने किया शस्त्र पूजन
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने विजयादशमी के अवसर पर गांधीनगर में पारंपरिक 'शस्त्र पूजन' किया। मुख्यमंत्री आवास परिसर में आयोजित समारोह में उन्होंने सुरक्षा कर्मियों द्वारा उपयोग किए जाने वाले हथियारों की पूजा-अर्चना की और सभी सुरक्षा कर्मियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा, मानव मूल्यों और जनसुरक्षा के प्रति समर्पण को सच्चा कर्मयोग बताया। समारोह में मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पुलिस अधिकारी, कमांडो और अन्य सुरक्षा कर्मी भी मौजूद रहे।
कश्मीर में धूमधाम से मनी विजयादशमी
कश्मीर में विजयादशमी के अवसर पर कश्मीरी पंडितों और अन्य हिंदू समुदाय के लोगों ने उत्साह के साथ दशहरा मनाया। श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर आतिशबाजी, मिठाई वितरण और उत्सव का माहौल देखने को मिला, जबकि बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग भी समारोह के साक्षी बने। आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए प्रशासन और स्थानीय लोगों का आभार जताया।
लाल किले की रामलीला में पहुंचीं प्रियंका गांधी
दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने लाल किला मैदान में नव श्री धार्मिक लीला कमेटी द्वारा आयोजित दशहरा समारोह में हिस्सा लिया। वहां उन्होंने कहा कि "यह हमारे लिए राजनीति करने का समय नहीं है, इसलिए मैं सरकार को कोई खास संदेश नहीं दूंगी। मैं बस इतना कहूंगी कि आज पूरी जनता जिस स्थिति का सामना कर रही है, उसे रावण का ही एक रूप कहा जा सकता है। यह क्या है? बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई... ये सभी समस्याएं। सच और झूठ की लड़ाई आज भी जारी है। हम सच के लिए लड़ रहे हैं, और हमेशा लड़ते रहेंगे।"
