Vietnam Boat Accident: वियतनाम में हुए भीषण नौका हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर मंगलवार (14 जुलाई) को मुंबई पहुंच गए। इन शवों को वियतनाम एयरलाइंस की विशेष फ्लाइट VN979 से लाया गया और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारा गया। यहां से अब इन्हें संबंधित राज्य सरकारों के समन्वय से उनके गृह राज्यों में भेजा जा रहा है, ताकि परिजन उनका अंतिम संस्कार कर सकें।
इन शहरों में भेजे जा रहे हैं पार्थिव शरीर
मुंबई एयरपोर्ट पर जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, शवों को उनके अंतिम गंतव्य तक भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इनमें चेन्नई, हैदराबाद, तिरुवनंतपुरम और कोयंबटूर जैसे शहर शामिल हैं। संबंधित राज्य सरकारें और स्थानीय प्रशासन परिजनों तक शवों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए समन्वय कर रहे हैं। इससे पहले 13 जुलाई को भारतीय दूतावास ने बताया था कि हो ची मिन्ह सिटी (Ho Chi Minh) से 15 भारतीयों के शवों को लेकर फ्लाइट रवाना हो चुकी है।
11 जुलाई को हुआ था यह खौफनाक हादसा
यह दर्दनाक हादसा 11 जुलाई को वियतनाम के फू क्वोक द्वीप (Phu Quoc Island) के पास हुआ था। जहां एक टूरिस्ट स्पीडबोट 36 लोगों को लेकर जा रही थी। इसमें 32 भारतीय टूरिस्ट और 4 वियतनामी क्रू मेंबर सवार थे। यह बोट पर्यटकों को लेकर 'एन थोई' पोर्ट की तरफ जा रही थी, तभी अचानक मौसम खराब हो गया और तेज लहरों के कारण बोट अनियंत्रित होकर समुद्र में पलट गई। जिससे बोट में सवार सभी लोग पानी में गिर गए।
15 की मौत, 21 को बचाया गया
हादसे के तुरंत बाद पास से गुजर रही अन्य टूरिस्ट बोट्स और रेस्क्यू टीमें कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंचीं। जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। बोट पर सवार 36 लोगों में से 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 15 भारतीय टूरिस्ट की डूबने से मौत हो गई। मरने वाले 15 भारतीय नागरिकों में से 10 तमिलनाडु के, 3 आंध्र प्रदेश के और 2 केरल के रहने वाले थे।
