देश

Vietnam Boat Accident: मुंबई पहुंचे 15 भारतीयों के पार्थिव शरीर, मोबाइल कंपनी ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये देने का किया ऐलान

वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुए दर्दनाक नौका हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीयों के पार्थिव शरीर हो ची मिन्ह सिटी से मुंबई पहुंच गए हैं। इनमें लावा इंटरनेशनल के 14 सहयोगी और एक कर्मचारी शामिल थे। कंपनी ने सभी मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है।

Image

नौका हादसे में जान गंवाने वाले अपने 14 सहयोगियों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास बोट हादसे में मारे गए 15 भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर हो ची मिन्ह सिटी से वियतनाम एयरलाइंस से मुंबई पहुंचे। आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु की राज्य सरकारें अपने-अपने राज्यों में पार्थिव शरीर पहुंचाने की व्यवस्था करेंगी।

वहीं, घरेलू मोबाइल फोन कंपनी लावा इंटरनेशनल ने वियतनाम में हुए नौका हादसे में जान गंवाने वाले अपने 14 सहयोगियों एवं एक कर्मचारी के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार को पर्यटकों से भरी नौका के पलट जाने से लावा कंपनी के 14 सहयोगियों और एक कर्मचारी की मौत हो गई थी।

लावा ने एक बयान में कहा, ’’इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता दिखाते हुए कंपनी हरेक मृतक के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देगी।’’

कंपनी ने कहा कि जरूरी जांच-पड़ताल और कागजी कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों को यह मदद सीधे दी जाएगी।

'मदद मानवीय आधार पर दी जा रही'

बयान के मुताबिक, ’’यह मदद स्वेच्छा से और मानवीय आधार पर दी जा रही है। जिन लोगों की जान गई, वे लावा परिवार के अहम सदस्य थे। गहरे दुख की इस घड़ी में हम उनके परिवारों के साथ खड़े हैं और इस मुश्किल समय में उन्हें अपना सहयोग दे रहे हैं।’’ हादसे के समय नाव में कुल 36 लोग सवार थे जिनमें 32 भारतीय पर्यटक एवं स्थानीय चालक दल के चार सदस्य शामिल थे। इनमें से 21 लोगों को बचा लिया गया था।

लावा ने रविवार रात को एक बयान में कहा था कि वियतनाम गए उसके 86 कर्मचारी एवं साझेदार सुरक्षित भारत लौट आए हैं। कुछ कर्मचारी एवं चैनल साझेदार अभी वियतनाम में ही हैं और मृतकों के शवों को भारत लाने की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। लावा ने कहा कि वह वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास, स्थानीय प्रशासन और हो ची मिन्ह सिटी में भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ लगातार संपर्क में है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमार author

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घट... और देखें

End of Article