Sarla Maheshwari Dies: दूरदर्शन की दिग्गज एंकर सरला माहेश्वरी का 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। सोशल मीडिया पर यह खबर साझा करते हुए दूरदर्शन नेशनल ने अपनी समाचार प्रस्तुतकर्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी मधुर आवाज, सटीक उच्चारण और गरिमामय प्रस्तुति को याद किया। ये वो दौर था जब दूरदर्शन घर-घर में मनोरंजन का एकमात्र सहारा था और इसके न्यूज एंकरों ने अपनी खास पहचान बनाई थी। सरला माहेश्वरी का अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर होगा।
सरला माहेश्वरी का निधन (Photo- DD)
दूरदर्शन ने श्रद्धांजलि अर्पित की
दूरदर्शन ने एक्स पर पोस्ट में लिखा- दूरदर्शन परिवार की ओर से हम श्रीमती सरला माहेश्वरी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। वह एक सम्मानित और पूजनीय दूरदर्शन समाचार वाचक थीं, जिन्होंने अपनी मधुर आवाज, सटीक उच्चारण और गरिमामय प्रस्तुति से भारतीय समाचार जगत में एक विशेष स्थान बनाया। उनकी सादगी, संयम और व्यक्तित्व ने दर्शकों में गहरा विश्वास जगाया।
शम्मी नारंग ने जताया शोक
दिग्गज समाचार एंकर और माहेश्वरी के पूर्व सहकर्मी, शम्मी नारंग ने भी अपनी पूर्व सह-एंकर के निधन पर शोक व्यक्त किया। नारंग ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- वह शालीनता और शिष्टाचार की साक्षात मूर्ति थीं। न सिर्फ दिखने में सुंदर, बल्कि हृदय से भी कहीं अधिक उदार, भाषा पर उनकी अद्भुत पकड़ थी और वे ज्ञान का भंडार थीं। दूरदर्शन स्क्रीन पर उनकी उपस्थिति का एक अनूठा आकर्षण था। उन्होंने सभी का सम्मान किया और जिस भी क्षेत्र में वे रहीं, उसे बेहतर बनाया। मैं प्रार्थना करता हूं कि ईश्वर उनकी आत्मा को शाश्वत शांति प्रदान करें और महेश्वरी परिवार को शक्ति दें।
निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने सरला माहेश्वरी के निधन को टेलीविजन पत्रकारिता के स्वर्ण युग का अंत बताया। उनकी विश्वसनीयता और शालीनता आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बनी रहेगी। सरला माहेश्वरी का अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर होगा।
