Varanasi IAF Air Show: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो का दीदार किया। नमो घाट पर आयोजित 'Wings over Ganges' एयर शो में वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने गंगा के ऊपर गर्जना करते हुए अद्भुत करतब दिखाए। वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ पर आयोजित तीन दिवसीय एयर शो के आखिरी दिन का नजारा सबसे खास रहा। इस मौके पर PM मोदी के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। सफेद एयरफोर्स कैप और काले चश्मे में PM मोदी ने एक घंटे से ज्यादा समय तक एयर शो का लुत्फ उठाया।
वाराणसी एयर शो (फोटो साभार- PTI)
वाराणसी एयर शो (फोटो साभार- PTI)
सुखोई, तेजस, राफेल जैसे फाइटर जेट्स ने दिखाई ताकत
IAF अधिकारियों के अनुसार, शो में सुखोई-30 MKI, स्वदेशी तेजस, LCH प्रचंड, राफेल, मिराज 2000, मिग-29 और जगुआर जैसे फाइटर जेट्स ने अपनी ताकत दिखाई। सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर टीम के समन्वित करतबों ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। शो का सबसे बड़ा आकर्षण 'काशी फॉर्मेशन' रहा, जब तीन किरण विमानों ने V फॉर्मेशन में तिरंगे के रंग बिखेरे। वहीं 'ओंकार फॉर्मेशन' में Mi-17 हेलीकॉप्टरों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ उड़ान भरी तो पूरा घाट 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारों से गूंज उठा।
वाराणसी एयर शो नरेंद्र मोदी (फोटो साभार- PTI)
लोगों ने सैन्य ताकत को करीब से किया महसूस
काशी के लोगों के लिए यह सिर्फ एक एयर शो नहीं, बल्कि देश की सैन्य ताकत को करीब से महसूस करने का मौका था। गंगा घाट की आध्यात्मिक पृष्ठभूमि पर फाइटर जेट्स की दहाड़ ने माहौल में देशभक्ति का जोश भर दिया। इससे पहले PM मोदी ने मिर्जामुराद में अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट यूनिट का उद्घाटन किया। अधिकारियों के मुताबिक यह यूनिट महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी और वाराणसी में बने कपड़ों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक ले जाएगी। इस दौरान PM ने करीब 300 महिलाओं से संवाद भी किया।
वाराणसी एयर शो फाइटर जेट (फोटो साभार- PTI)
प्रधानमंत्री ने किया रोड शो
PM के स्वागत के लिए पुलिस लाइन से नमो घाट तक हजारों लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। लोगों ने गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं, 'हर हर महादेव' और 'जय श्री राम' के जयकारे लगाए। PM मोदी गाड़ी के फुटबोर्ड पर खड़े होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। PM मोदी सुबह लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पहुंचे और हेलीकॉप्टर से मिर्जामुराद गए, फिर पुलिस लाइन से सड़क मार्ग से नमो घाट पहुंचे।
