देश

Vande Bharat: 140…145…150...160 kmph रफ्तार देश की! वंदे भारत एक्सप्रेस का यह Video देखा क्या?

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Apr 3, 2023, 12:25 PM IST

Vande Bharat Express: वंदे भारत एक्सप्रेस का वीडियो रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया है। इस वीडियो में ट्रेन की स्पीड को यात्रियों द्वारा ट्रैक करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में ट्रेन 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ते दिखाई देती है।

Vande Bharat: देश में वर्तमान में कुल 11 वंदे भारत एक्सप्रेस पटरियों पर दौड़ रही हैं। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस से ट्रेनें बदलते भारत की तस्वीर दिखाती हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से भोपाल के बीच पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस ट्रेन को अब तक की टॉप स्पीड 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ाया गया। अब इसका एक वीडियो सामने आया है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस वीडियो को ट्विटर पर साझा किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वंदे भारत एक्सप्रेस की झलक दिखाई गई है, साथ ही यह भी दिखाया गया है कि कैसे ट्रेन धीरे-धीरे 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ती है।

स्पीड बढ़ने के साथ बढ़ता है यात्रियों का उत्साह

रेलमंत्री द्वारा साझा किए गए वीडियो में दिखाया गया है कि ट्रेन में कुछ यात्री सवार हैं और वह अपने मोबाइल से ट्रेन की स्पीड को ट्रैक कर रहे हैं। धीरे-धीरे ट्रेन की स्पीड 132 से होते हुए 160 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच जाती है। जैसे-जैसे ट्रेन की स्पीड बढ़ती है, यात्रियों का उत्साह भी बढ़ता जाता है। रेलमंत्री ने इस वीडियो को साझा करते हुए लिखा है, " 140…145…150...160 kmph रफ्तार देश की!! हमारी वंदे भारत।"

200 Kmph तक पहुंचेगी स्पीड

वंदे भारत एक्सप्रेस अपनी सुविधाओं और आरामदायक सफर के लिए जानी जाती है। आने वाले दिनों में करीब 400 ऐसी ही ट्रेने तैयार करने की योजना तैयार की जा रही है। इसके साथ ही साथ इन ट्रेनों की स्पीड 200 किलोमीटर प्रतिघंटा करने पर भी तेजी से काम चल रहा है।
प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article