देश

Vande Bharat Express Train: पीएम मोदी एक साथ देश को देंगे 10 नई वंदे भारत ट्रेन की सौगात, जान लें रूट और जरूरी बातें

  • Reported by: भावना किशोर
  • Updated Mar 11, 2024, 11:20 AM IST

PM Modi Green Falg to 10 Vande Bharat Train on Tuesday: गुजरात के अहमदाबाद में 12 मार्च को पीएम मोदी का बड़ा कार्यक्रम होना है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को एक साथ 10 नई वंदे भारत ट्रेन की सौगात देंगे। इस दिन वो अहमदाबाद में 85,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और देश को समर्पित करेंगे।

Image

पीएम मोदी देंगे 10 नई वंदे भारत ट्रेन की सौगात

Photo : Times Now Digital

PM Modi inaugurates 10 Vande Bharat Train: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 मार्च को गुजरात और राजस्थान का दौरा करेंगे। पीएम मोदी अहमदाबाद में सुबह लगभग 9:15 बजे 85,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी सुबह करीब 10 बजे साबरमती आश्रम जाएंगे। जहां वह कोचरब आश्रम का उद्घाटन करेंगे और गांधी आश्रम स्मारक के मास्टर प्लान का शुभारंभ करेंगे।

क्या है पीएम मोदी के गुजरात-राजस्थान दौरे का पूरा प्लान

पीएम मोदी दोपहर करीब 1:45 बजे राजस्थान के पोखरण में त्रि-सेवा लाइव फायर और युद्धाभ्यास के रूप में स्वदेशी रक्षा क्षमताओं का एक समन्वित प्रदर्शन 'भारत शक्ति' देखेंगे। रेलवे के बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए और कई रेलवे परियोजनाओं को समर्पित करने के लिए अहमदाबाद में डीएफसी के ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर का दौरा करेंगे।

प्रधानमंत्री रेलवे कार्यशालाओं, लोको शेडों, पिट लाइनों/कोचिंग डिपो की आधारशिला रखेंगे, फलटण-बारामती नई लाइन, इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम उन्नयन कार्य और पूर्वी डीएफसी के न्यू खुर्जा से साहनेवाल (401 मार्ग किमी) खंड और पश्चिमी डीएफसी के न्यू मकरपुरा से न्यू घोलवड खंड (244 मार्ग किमी) के बीच समर्पित माल गलियारे के दो नए खंड राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

प्रधानमंत्री अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल, सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम, मैसूरु-डॉ एमजीआर सेंट्रल (चेन्नई), पटना-लखनऊ, न्यू जलपाईगुड़ी-पटना, पुरी-विशाखापत्तनम, लखनऊ-देहरादून, कलबुर्गी-सर एम विश्वेश्वरैया टर्मिनल बेंगलुरु, रांची-वाराणसी, खजुराहो- दिल्ली (निज़ामुद्दीन) के बीच दस नई वंदे भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

प्रधानमंत्री चार वंदे भारत ट्रेनों (Vande Bharat Train) के विस्तार को भी हरी झंडी दिखाएंगे। अहमदाबाद-जामनगर वंदे भारत को द्वारका तक बढ़ाया जा रहा है, अजमेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला वंदे भारत को चंडीगढ़ तक बढ़ाया जा रहा है, गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत को प्रयागराज तक बढ़ाया जा रहा है और तिरुवनंतपुरम-कासरगोड वंदे भारत को मंगलुरु तक बढ़ाया जा रहा है। आसनसोल और हटिया तथा तिरुपति और कोल्लम स्टेशनों के बीच दो नई यात्री ट्रेनें चलाई जाएंगी।

प्रधानमंत्री विभिन्न स्थानों- न्यू खुर्जा जंक्शन, साहनेवाल, न्यू रेवाड़ी, न्यू किशनगढ़, न्यू घोलवड और न्यू मकरपुरा से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर मालगाड़ियों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री रेलवे स्टेशनों पर 50 प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र राष्ट्र को समर्पित करेंगे। ये जन औषधि केंद्र लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं प्रदान करेंगे।

प्रधानमंत्री 51 गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। ये टर्मिनल परिवहन के विभिन्न तरीकों के बीच माल की निर्बाध आवाजाही को बढ़ावा देंगे। प्रधानमंत्री 80 खंडों में 1045 किमी स्वचालित सिग्नलिंग राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस उन्नयन से ट्रेन संचालन की सुरक्षा और दक्षता में वृद्धि होगी। प्रधानमंत्री 2646 स्टेशनों पर रेलवे स्टेशनों की डिजिटल कंट्रोलिंग भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इससे ट्रेनों की परिचालन दक्षता और सुरक्षा में सुधार होगा।

इसके साथ ही पीएम मोदी 35 रेल कोच रेस्तरां राष्ट्र को समर्पित करेंगे। रेल कोच रेस्तरां का लक्ष्य रेलवे के लिए गैर-किराया राजस्व उत्पन्न करने के अलावा यात्रियों और जनता की जरूरतों को पूरा करना है। देशभर में फैले 1500 से अधिक वन स्टेशन वन प्रोडक्ट स्टॉल राष्ट्र को समर्पित करेंगे। ये स्टॉल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देंगे और स्थानीय कारीगरों और व्यवसायों के लिए आय उत्पन्न करेंगे।

प्रधानमंत्री 975 स्थानों पर सौर ऊर्जा संचालित स्टेशन/भवन राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह पहल भारत के नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों में योगदान देगी और रेलवे के कार्बन पदचिह्न को कम करेगी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा नए विद्युतीकृत खंडों का समर्पण, पटरियों का दोहरीकरण/मल्टी-ट्रैकिंग, रेलवे गुड्स शेड, वर्कशॉप, लोको शेड, पिट लाइन/कोचिंग डिपो का विकास जैसी कई अन्य परियोजनाएं भी की जाएंगी।

ये परियोजनाएं आधुनिक और मजबूत रेलवे नेटवर्क बनाने के प्रति सरकार के समर्पण का प्रमाण हैं। इस निवेश से न केवल कनेक्टिविटी में सुधार होगा बल्कि आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

अहमदाबाद रूट पर नई वंदे भारत का टाइम टेबल

अहमदाबाद-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस: ट्रेन सुबह 6.10 बजे अहमदाबाद रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। 7.06 बजे वडोदरा पहुंचेगी। यह सुबह 8.30 बजे सूरत और 9.33 बजे वापी पहुंचेगी। यह सुबह 10.59 बजे बोरीवली और 11.35 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन 15.55 बजे मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी और 16.26 बजे बोरीवली पहुंचेगी। यह 17.53 बजे वापी, 18.55 बजे सूरत, 20.21 बजे वडोदरा और 21.25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। ट्रेन रविवार को छोड़कर प्रतिदिन संचालित होगी। इस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में 16 कोच होंगे। ट्रेन बोरीवली, वापी, सूरत और वडोदरा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

हजरत निजामुद्दीन रूट पर नई वंदे भारत का टाइम टेबल

हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस: वंदे भारत ट्रेन क्रमांक 22470 सुबह छह बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी। 6:35 बजे पलवल, 7:45 बजे आगरा कैंट, 9:15 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। इस ट्रेन के झांसी पहुंचने का समय 10:35 बजे निर्धारित किया गया है। इन सभी स्टेशनों पर ट्रेन का पांच-पांच मिनट का स्टापेज रहेगा। वंदे भारत ट्रेन सुबह 11:40 बजे ललितपुर पहुंचेगी, जहां इसे 10 मिनट का स्टापेज दिया गया है। इसके अलावा ट्रेन ललितपुर, टीकमगढ़ और छतरपुर रुकेगी। ये ट्रेन दोपहर 2:20 बजे खजुराहो पहुंचेगी।

वापसी में वंदे भारत ट्रेन क्रमांक 22469 खजुराहो से दोपहर 2:50 बजे रवाना होगी। ये ट्रेन शाम 6:30 बजे झांसी , ग्वालियर का समय 7:35 बजे तय किया गया। आगरा पर रात 9:05 बजे पहुंचेगी। हजरत निजामुद्दीन पहुंचने का समय रात 11:10 बजे रहेगा।

रांची से बनारस रूट पर नई वंदे भारत का टाइम टेबल

रांची से सुबह 5.10 बजे बनारस के लिए ट्रेन खुलेगी। मुरी में इसका आगमन सुबह 6.10 बजे व प्रस्थान 6.12 बजे, बोकारो में आगमन सुबह 7.10 बजे व प्रस्थान सुबह 7.12 बजे, कोडरमा में आगमन सुबह 8.40 बजे व प्रस्थान सुबह 8.42 बजे, गया में आगमन सुबह 10.00 बजे व प्रस्थान 10.05 बजे, सासाराम में आगमन 11.03 बजे व प्रस्थान सुबह 11.05 बजे, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर आगमन 12.15 बजे व प्रस्थान दोपहर 12.20 बजे होगा।

यह ट्रेन बनारस दोपहर 1.00 बजे पहुंचेगी। ट्रेन रांची से बनारस 7 घंटे 50 मिनट में पहुंचेगी। ट्रेन की गति 130 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित किया गया है। यह ट्रेन सप्ताह में गुरुवार को छोड़ कर छह दिन चलेगी। ट्रेन का किराया 1390 रुपये से लेकर ₹2600 के बीच होने की संभावना है। ट्रेन का ट्रायल रविवार को सुबह 9.00 बजे होगा।

ट्रेन संख्या 20888 बनारस-रांची वंदे भारत ट्रेन: ये बनारस से शाम 4.05 बजे रवाना होगी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर इसका आगमन शाम 5.40 बजे व प्रस्थान शाम 4.45 बजे, सासाराम में आगमन शाम 5.48 बजे व प्रस्थान 5.50 बजे, गया में आगमन शाम 6.45 बजे व प्रस्थान 6.50 बजे, कोडरमा में आगमन शाम 7.50 बजे व प्रस्थान शाम 7.55 बजे, बोकारो में आगमन रात 9.50 बजे व प्रस्थान रात 9.55 बजे, मुरी में आगमन रात 10.48 बजे व प्रस्थान 10.50 बजे, रांची में आगमन रात 11.55 बजे होगा।

भावना किशोर
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article