LIVE
Uttarkashi Tunnel Collapse Rescue LIVE: मशीन ने सुरंग में मलबे को 12 मीटर तक भेदा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Uttarkashi Tunnel Collapse Rescue LIVE: मशीन ने सुरंग में मलबे को 12 मीटर तक भेदा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
NOV 17, 2023 01:25 IST
मशीन ने सुरंग में मलबे को 12 मीटर तक भेदा
भारी और अत्याधुनिक ऑगर मशीन ने बृहस्पतिवार को सिलक्यारा सुरंग में मलबे को 12 मीटर तक भेद दिया जिससे पिछले चार दिनों से अधिक समय से उसके अंदर फंसे 40 श्रमिकों के जल्द बाहर आने की उम्मीदें बढ़ गयीं ।
NOV 16, 2023 21:46 IST
सुंरग में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास हैं जारी
Uttarakhand Tunnel: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में हुए सुरंग हादसे में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास जारी है। फंसे मजदूरों के लिए जहां एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन, विशेषज्ञ पिछले 5 दिनों से काम कर रहे हैं, वहीं आज इस रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के लिए विदेशी विशेषज्ञों से भी मदद ली गई है। पढ़ें पूरी खबर
NOV 16, 2023 19:55 IST
उत्तराखंड में बन रही सुरंगों की समीक्षा की जाएगी: धामी
पिछले चार दिन से सिलक्यारा सुरंग के अंदर फंसे 40 श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए भारी ऑगर मशीन से ड्रिलिंग शुरू होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उत्तराखंड में बन रही सभी सुरंगों की समीक्षा की जाएगी।
NOV 16, 2023 18:42 IST
सिलक्यारा सुरंग हादसे को स्थानीय लोग मान रहे 'बौखनाग देवता' का प्रकोप
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग हादसे को स्थानीय लोग ‘बाबा बौखनाग देवता’ का प्रकोप होने का दावा कर रहे हैं जिनके मंदिर को दिवाली से कुछ दिन पहले निर्माण कंपनी ने तोड़ दिया था। सुरंग के एक हिस्से के ढह जाने से उसके अंदर फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए मंगलवार रात को मलबे को ड्रिल कर उसमें माइल्ड स्टील पाइप डालकर 'एस्केप टनल' बनाने के लिए ऑगर मशीन स्थापित की गयी थी लेकिन ड्रिलिंग शुरू होने के कुछ देर बाद ही ऊपर से भूस्खलन होने के कारण उसे रोकना पड़ा। बाद में ऑगर मशीन में भी खराबी आ गयी थी।
NOV 16, 2023 18:14 IST
श्रमिकों को मनोवैज्ञानिक परामर्श मुहैया कराने की जरूरत बताई गई
उत्तराखंड में निर्माणाधीन सुरंग के एक हिस्से के ढह जाने से उसमें फंसे श्रमिकों को बाहर निकाले जाने के बाद उनकी शारीरिक फिटनेस की जांच करने के साथ ही उन्हें मनोवैज्ञानिक परीक्षण और परामर्श से गुजरना होगा। यह सलाह चिकित्सकों ने दी है। चार दिन पहले चारधाम मार्ग पर निर्माणाधीन सुरंग के एक हिस्से के ढह जाने से उसमें कुल 40 मजदूर फंस गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि श्रमिक सुरक्षित हैं और उन्हें पाइप के जरिये लगातार ऑक्सीजन, बिजली, दवाएं, खाद्य सामग्री और पानी की आपूर्ति की जा रही है। चिकित्सकों ने कहा कि यह घटना जीवित बचे लोगों के लिए सदमे की तरह हो सकती है क्योंकि वे शारीरिक तनाव के साथ-साथ मानसिक तनाव से भी गुजर रहे होंगे।
NOV 16, 2023 17:53 IST
नई ऑगर मशीन से ड्रिलिंग शुरू
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग के एक हिस्से के ढहने से पिछले चार दिनों से उसके अंदर फंसे 40 श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए दिल्ली से लाई गयी भारी अमेरिकी ऑगर मशीन से बृहस्पतिवार को ड्रिलिंग शुरू कर दी गयी। ड्रिलिंग के बाद स्टील के बड़े व्यास वाले पाइपों से 'एस्केप टनल' तैयार की जाएगी ताकि मजदूरों को बाहर निकाला जा सके।
NOV 16, 2023 16:30 IST
हरक्यूलिस विमानों का प्रयोग
भारतीय वायु सेना के हरक्यूलिस विमानों के जरिए 25 टन वजनी अत्याधुनिक ऑगर मशीन दिल्ली से उत्तरकाशी पहुंचाई गयी। जिसके बाद फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ
NOV 16, 2023 16:22 IST
अमेरिकी ऑगर मशीन से ड्रिलिंग शुरू
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग के एक हिस्से के ढहने से पिछले चार दिनों से उसके अंदर फंसे 40 श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए बड़े व्यास के स्टील पाइपों से 'एस्केप टनल' तैयार करने हेतु अधिक क्षमता की अमेरिकी ऑगर मशीन से फिर ड्रिलिंग शुरू कर मलबे को भेदने के प्रयास बृहस्पतिवार को तेज कर दिए गए ।
NOV 16, 2023 14:56 IST
धामी सरकार मजदूरों को बचाने के लिए झोंक रहे पूरी ताकत
हालांकि, उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल में फंसे 40 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए उत्तराखण्ड सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है। एक ओर देश के नामी विशेषज्ञों के दल को बुलाकर अत्याधुनिक मशीनों से ड्रिलिंग का काम युद्धस्तर पर चल रहा है, वहीं दूसरी ओर सुरंग में फंसे श्रमिकों का मनोबल बनाए रखने के लिए लगातार उनसे बातचीत की जा रही है, उनका परिजनों से भी संपर्क बना हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी कीमत पर श्रमिकों और उनके परिजनों का हौसला नहीं टूटना चाहिए।
NOV 16, 2023 13:06 IST
रांची के कौन-कौन लोग फंसे हैं टनल में?
रांची के जिस गांव के तीन लोग टनल में फंसे हैं, उनमें अनिल बेदिया (उम्र 18 साल - गायों खिराबेरा), राजेंद्र बेदिया (उम्र 20 साल - गांव खीरा बेरा) और सुखराम बेदिया (उम्र 17 साल - गांव खीरा बेरा) शामिल हैं।
NOV 16, 2023 12:52 IST
रांची के तीन लोग भी टनल में फंसे, गांव में पसरा सन्नाटा
उत्तराखंड टनल हादसे ने झारखंड की राजधानी रांची के ओरामांझी में भी बेचैनी खड़ी कर दी। दरअसल, टनल में ओरामांझी थाना क्षेत्र के खिराबेरा गांव के तीन लोग भी फंसे हैं, जबकि गांव से 15 लोग टनल में मजदूरी के लिए गए थे। ऐसे में गांव में मानो एक खामोशी पसरी है और इस सन्नाटे के बीच उन परिजनों की सिसकियां सुनाई पड़ रही हैं, जिनके बच्चे उत्तराखंड टनल के अंदर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। ऐसे परिजनों से घटना की जानकारी लेने की कोशिश की गई तो ऐसा लगा कि समंदर में तूफान आ गया हो जो आंखों से आंसू बन कर बहने लगे।
NOV 16, 2023 12:16 IST
मशीनों की मदद से भी मलबा हटाने की कार्यवाही युद्धस्तर पर जारी
सिल्क्यारा सुरंग 12 नवंबर को ढह गई थी। स्थानीय बचाव दलों के अथक प्रयासों के बावजूद, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों की वजह से बचाव अभियान अभी तक सफल नहीं हो सका है। बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए भारतीय वायुसेना के हरकुलिस विमान की मदद से हैवी ऑगर ड्रिलिंग मशीन निर्माणाधीन सुरंग तक पहुंचायी गई है। साथ ही अन्य मशीनों की मदद से भी मलबा हटाने की कार्यवाही युद्धस्तर पर जारी है।
NOV 16, 2023 12:16 IST
US सांसद ने यूएसएआईडी से बचाव अभियान में मदद करने का आग्रह किया
भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद श्री थानेदार ने ‘‘यूनाइटेड स्टेट्स एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट’’ (यूएसएआईडी) से भारत के उत्तराखंड राज्य में एक सुरंग में फंसे 40 कर्मचारियों को बचाने के लिए जारी अभियान में तत्काल सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है। उत्तराखण्ड के उत्तरकाशी में निर्माणाधीन सिल्क्यारा सुरंग में फंसे 40 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है। थानेदार ने कहा, ‘‘उत्तराखंड की यह दुखद घटना सिर्फ स्थानीय संकट नहीं है, यह एक मानवीय चिंता है जो वैश्विक ध्यान और कार्रवाई की मांग करती है। अमेरिका अपनी उन्नत तकनीक और बचाव कार्यों में विशेषज्ञता के साथ, इन प्रयासों में महत्वपूर्ण प्रभाव डालने और संभावित रूप से जीवन बचाने की क्षमता रखता है।’’
NOV 16, 2023 10:30 IST
NOV 16, 2023 08:26 IST
'सुरंग में फंसे लोग स्वस्थ और ठीक हैं'
नवयुग इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड के पीआरओ जीएल नाथ ने गुरुवार (16 नवंबर, 2023) की सुबह समाचार एजेंसी पीटीआई को रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में बताया- मशीन (हेवी ड्रिलिंग के लिए) इंस्टॉल कर दी गई है। जल्द ही रेक्स्क्यू ऑपरेशन चालू किया जाएगा। अंदर जो कोई लोग भी फंसे हैं, वे स्वस्थ और ठीक हैं। उन्हें जल्द ही रेस्क्यू कर लिया जाएगा।
NOV 16, 2023 08:23 IST
NOV 16, 2023 08:17 IST
NOV 16, 2023 07:00 IST
वायुसेना के विमानों से भारी ऑगर मशीनें लाई गईं, ऑपरेशन में नॉर्वे-थाईलैंड की टीमें भी
उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 40 मजदूरों को निकालने की कोशिशें जारी हैं। दिल्ली से बुधवार को भारी ऑगर मशीनें लाई गईं। एयरफोर्स के तीन विशेष विमान 25 टन भारी मशीन लेकर आए। इन मशीनों की मदद से प्रति घंटे 5 मीटर मलबा निकला जा सकेगा और मलबे को भेदकर स्टील पाइप को दूसरी तरफ पहुंचाया जा सकेगा। वायुसेना के हरक्यूलिस विमानों से तीन खेप में लाई गईं ऑगरमशीनों को चिन्यालीसौड़ हवाईअड्डे पर उतारा गया। इन मशीनों को ग्रीन कॉरिडोर के जरिए घटनास्थल पर पहुंचाया गया। इन मशीनों सं बंधवार रात में ड्रिलिंग शुरू किए जाने की उम्मीद है। वायुसेना का पहला हरक्यूलिस विमान नई दिल्ली के हिंडन एयरबेस से नई मशीन के पार्ट्स लेकर बुधवार को दोपहर करीब एक बजे चिन्यालीसौड़ हवाईअड्डे पर उतरा, जिसके बाद मशीन के पार्ट्स को ट्रक के जरिए करीब पौने चार बजे सिलक्यारा सुरंग में पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव मिशन के प्रभारी कर्नल दीपक पाटिल ने कहा कि अमेरिका में बनी जैक एंड पुश अर्थ ऑगर मशीन काफी एडवांस है, जो काफी तेजी से काम करेगी। राहत एवं बचाव ऑपरेशन में अब मिलिट्री ऑपरेशन की टीम भी शामिल हो गई है। इसके साथ वायुसेना, थलसेना भी बचाव अभियान में मदद कर रही है। उन्होंने कहा, ''इसके अलावा, सुरंग में फंसे हुए 40 मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए अब नॉर्वे और थाईलैंड की विशेष टीमों की भी मदद ली जा रही है। रेस्क्यू टीम ने थाईलैंड की एक रेस्क्यू कंपनी से संपर्क किया है। इसी कंपनी ने कुछ समय पहले थाईलैंड की एक गुफा में फंसे बच्चों को बाहर निकाला था। रेस्क्यू टीम ने नॉर्वे की एनजीआई एजेंसी से भी संपर्क किया है, जिससे सुरंग के भीतर ऑपरेशन के लिए सुझाव लिया जा सके। साथ ही, भारतीय रेल, आरवीएनएल, राइट्स और इरकॉन के विशेषज्ञों से भी सुरंग के भीतर ऑपरेशन चलाने से संबंधित सुझाव लिए जा रहे हैं।''
NOV 16, 2023 06:59 IST
CM धामी देर रात देहरादून पहुंचे, सुरंग में चल रहे रेस्क्यू का लिया अपडेट
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इंदौर से देर रात देहरादून पहुंचे। इसके बाद उन्होंने उत्तरकाशी के सिल्कयारा में निर्माणाधीन सुरंग में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का अपडेट लिया और मुख्य सचिव को अलर्ट रहने का निर्देश दिया। उत्तरकाशी के सिल्क्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए हर संभव उपाय किए जा रहे हैं। बचाव कार्य में केंद्रीय एजेंसियां भी लगी हुई हैं। एजेंसियों को राज्य सरकार के सभी विभागों से सभी प्रकार का सहयोग मिल रहा है। जिला प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा भी लॉजिस्टिक सपोर्ट दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन एवं प्रशासन को पूर्व में ही समुचित दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं। राहत एवं बचाव कार्यों में लगी हुई केंद्रीय एजेंसियों की टीम की हौसला अफजाई कर सुरंग में फंसे श्रमिकों को जल्द ही सकुशल निकाला जाए। उन्होंने कहा कि फंसे हुए श्रमिकों के परिजनों से निरंतर संपर्क एवं संचार के लिए प्रशासन ने दूरभाष नंबर जारी किए हैं। घटनास्थल पर श्रमिकों के परिजनों एवं सहकर्मियों के साथ-साथ घटना की कवरेज करने आए मीडिया जनों के लिए समुचित व्यवस्था बनाने एवं सहयोग करने के जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं।
NOV 15, 2023 23:32 IST
