देश

उत्तराखंड: सरयू नदी में बह गया बच्चा, भारी बारिश और भूस्खलन से चारधार यात्रा स्थगित, मलबे में तब्दील हुए बाजार

भूस्खलन और लगातार हो रही बारिश के कारण प्रशासन ने एहतियातन चार धाम यात्रा पर रोक लगा दी है। गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जो तीर्थयात्री जहां हैं, उन्हें वहीं सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए।

Image

उत्तराखंड में भारी बारिश (AI Image)

Uttarakhand Rain: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। राज्य में नदी-नाले उफान पर हैं और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। बागेश्वर जिले में उफनती सरयू नदी में बहने से एक 8 वर्षीय बच्चा लापता हो गया है, जबकि पिथौरागढ़ में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बिगड़ते हालात और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने चार धाम यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही राज्य के सभी जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

चार धाम यात्रा रुकी, सुरक्षित स्थानों पर रोके गए तीर्थयात्री

भूस्खलन और लगातार हो रही बारिश के कारण प्रशासन ने एहतियातन चार धाम यात्रा पर रोक लगा दी है। गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जो तीर्थयात्री जहां हैं, उन्हें वहीं सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए। मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।

मलबे और पानी की चपेट में आए कई इलाके

बागेश्वर जिले के कपकोट में 8 साल का राकेश अपनी मां के साथ मंदिर में शिवलिंग पर चढ़ाने के लिए सरयू नदी से पानी लेने गया था, तभी वह नदी के तेज बहाव में बह गया। NDRF, SDRF और वॉटर पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। वहीं, पिथौरागढ़ के धारचूला में Phu गांव के पास जंगल में बकरियां चरा रहे 52 वर्षीय दीवान सिंह की रविवार शाम बिजली गिरने से मौत हो गई। चमोली जिले के नारायणबगड़ बाजार में सोमवार तड़के भारी बारिश के कारण 6 से 7 दुकानों में पानी और मलबा घुस गया। फिलहाल मलबे को हटाने का काम जारी है।

4 राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 149 सड़कें बंद

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) के मुताबिक, भूस्खलन और मलबे के कारण प्रदेश की 149 सड़कें बंद हैं। इनमें चार मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) भी शामिल हैं:

पिथौरागढ़ में तवाघाट-गुंजी नेशनल हाईवे

पिथौरागढ़ में ही धारचूला-तवाघाट नेशनल हाईवे

देहरादून में हर्बर्टपुर-बड़कोट नेशनल हाईवे

देहरादून-त्यूनी-चकराता-मसूरी नेशनल हाईवे

मौसम विभाग का 'रेड' और 'ऑरेंज' अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने सोमवार को देहरादून, टिहरी और हरिद्वार जिलों के लिए भारी से अत्यंत भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है। वहीं राज्य के बाकी जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। पूरे राज्य के प्रशासन को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

कहां कितनी हुई बारिश?

शमा में 220 मिमी, पोखरी और डीडीहाट में 109 मिमी, किच्छा में 108 मिमी, मालदेवता में 103.5 मिमी, रुद्रपुर में 99 मिमी, कपकोट में 97 मिमी, हाथीबड़कला और गौचर में 95 मिमी, बंगापानी में 92 मिमी, लोहारखेत में 91 मिमी, नरेंद्र नगर में 82.5 मिमी, तेजम में 81 मिमी, धारचूला में 77.2 मिमी, ऊखीमठ में 77.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। 77 मिमी, खटीमा 75 मिमी, डंगोली 73 मिमी, धनोल्टी 72 मिमी और कीर्तिनगर 70 मिमी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!