Loni BJP MLA: उत्तर प्रदेश में अपनी ही सरकार और प्रशासन को कटघरे में खड़ा करने वाले लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर से अब शीर्ष नेतृत्व नाराज दिख रहा है। यही कारण है कि नंद किशोर को बीजेपी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में उनसे उनके बयानों को लेकर जवाब मांगा गया है।
नंद किशोर गुर्जर को जारी किया गया नोटिस
भारतीय जनता पार्टी के विधायक नंद किशोर गुर्जर को पार्टी ने 'कारण बताओ नोटिस' जारी कर सरकार की आलोचना के लिए जवाब मांगा है और पूछा है कि उनके खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्रवाई क्यों नहीं की जाए। भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने बताया कि नोटिस में गाजियाबाद के लोनी से विधायक नंद किशोर गुर्जर से पिछले कुछ समय से उनके द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर सरकार की आलोचना और पार्टी हितों को नुकसान पहुंचाने के लिए स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की ओर से यह नोटिस दिया गया है।
सात दिन के अंदर मांगा जवाब
नोटिस में कहा गया है, "पिछले कुछ समय से आपके द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर सरकार की आलोचना की जा रही है एवं आपके वक्तव्यों तथा कृत्यों से पार्टी की प्रतिष्ठा को आघात पहुंच रहा है, जो कि अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार आपको सूचित किया जाता है कि इस पत्र की प्राप्ति के सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण दें, कि क्यों न आपके विरुद्ध अनुशासनहीनता की कार्रवाई की जाए।"
क्या बोले थे नंद किशोर गुर्जर
लोनी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक नंद किशोर गुर्जर ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुमराह कर सरकारी खजाने को लूट रहे हैं। उन्होंने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, “अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुमराह कर सरकारी खजाने को लूट रहे हैं। मुख्य सचिव ने तंत्र-मंत्र कर महाराज जी (योगी आदित्यनाथ) का दिमाग बांध दिया है। मुख्य सचिव दुनिया के सबसे भ्रष्ट अधिकारी हैं।”
