अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन पहुंचे दिल्ली, भारत-अमेरिका 2+2 संवाद आज

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Nov 10, 2023, 09:01 AM IST

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन भारत-अमेरिका ‘टू प्लस टू’ संवाद के लिए दिल्ली में हैं। भारतीय पक्ष का नेतृत्व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर करेंगे। विभिन्न मुद्दों पर वार्ता होगी।

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन भारत-अमेरिका 'टू प्लस टू' विदेश और रक्षा मंत्री स्तरीय वार्ता में भाग लेने के लिए गुरुवार रात दिल्ली पहुंचे। दोनों देशों के बीच टू प्लस टू संवाद आज (10 नवंबर 2023) होगा। वार्ता में भारतीय पक्ष का नेतृत्व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर करेंगे। अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ‘एक्स’ पर कहा कि पांचवीं भारत-अमेरिका ‘टू प्लस टू’ मंत्रिस्तरीय वार्ता की सह-अध्यक्षता करने के लिए नई दिल्ली पहुंचने पर अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन का हार्दिक स्वागत है।

Rajnath Singh, S Jaishankar Antony Blinken Lloyd Austin

भारत-अमेरिका के बीच ‘टू प्लस टू’ संवाद आज (तस्वीर-एक्स)

राजनाथ सिंह और जयशंकर का ‘टू प्लस टू’ संवाद के इतर अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें करने का भी कार्यक्रम है। जिसमें तेजी से विस्तारित होते भारत-अमेरिका रणनीतिक संबंधों की व्यापक समीक्षा किए जाने की उम्मीद है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सिंह और ऑस्टिन के बीच ‘टू प्लस टू’ वार्ता और द्विपक्षीय बैठक में कई रणनीतिक, रक्षा और टैक्नोलॉजी मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। अमेरिका के मंत्री ऑस्टिन ने आखिरी बार जून में भारत की यात्रा की थी और सिंह से मुलाकात की थी।

End of Feed