Illegal Indian Immigrants : अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर यूएस का एक सैन्य जहाज बुधवार को अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा। बताया गया कि विमान में 100 से ज्यादा भारतीय हैं जिन्हें अमेरिका से लाया गया। पहले यह विमान सुबह के वक्त लैंड करना था लेकिन किन्ही वजहों से इसमें विलंब हुआ। इन अवैध प्रवासी भारतीयों में पंजाब, हरियाणा, गुजरात, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि इनमें 25 महिलाएं, 12 किशोर और 79 पुरुष हैं। इसके अलावा विमान में चालक दल के 11 सदस्य और 45 अमेरिकी अधिकारी हैं। इन करीब 100 लोगों में 33 गुजरात के, पंजाब के 30, दो-दो लोग उत्तर प्रदेश के और तीन महाराष्ट्र के हैं।
दोपहर 1.55 बजे एयरपोर्ट पर उतरा विमान
अमेरिकी सेना की सी-17 ग्लोबमास्टर दोपहर 1.55 बजे एयरपोर्ट पर उतरा। निर्वासित लोगों की संख्या के बारे में आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।
इससे पहले की खबरों में दावा किया गया था कि 205 अवैध प्रवासियों को लेकर अमेरिका का सैन्य विमान सी-17 रवाना हुआ है। यह अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीय प्रवासियों की पहली खेप है जिन्हें अमेरिकी सरकार ने निर्वासित किया है।
अवैध प्रवासियों के खिलाफ ट्रंप की कार्रवाई
पिछले महीने डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में पदभार संभालने के बाद देश की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।पंजाब के कई लोग लाखों रुपये खर्च करके ‘डंकी रूट’ या अन्य अवैध तरीकों से अमेरिका पहुंचे थे, लेकिन अब उन्हें निर्वासन का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रंप के पहले कार्यकाल में भी निकाले गए अवैध प्रवासी
ट्रंप का पहला कार्यकाल शुरू होने पर अवैध प्रवासी भारतीयों को निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई और 2020 तक दो हजार तीन सौ बारह अवैध प्रवासी निकाल दिए गए। हालांकि, बाइडेन के कार्यकाल के समय निकाले जाने का यह आंकड़ा तेजी से गिरा। बाइडेन प्रशासन के दौरान यानी 2021 में 292, 2022 में 276 और 2023 में 370 अवैध प्रवासी भारतीय निकाले गए। यही नहीं, अक्टूबर 2024 में बिना दस्तावेज वाले 100 से ज्यादा भारतीयों को चार्टर्ड प्लेन के जरिए अमेरिका से भारत पहुंचाया गया।
