UP MLC Election Results: देशभर में हुए विधान परिषद के चुनाव में बीजेपी का प्रदर्शन शानदार रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने बीजेपी को कड़ी टक्कर दी है। गौरतलब है कि पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बीजेपी को दोहरा झटका लगा है। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रतिष्ठित सीट पर भी बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है।
वाराणसी एमएलसी सीट पर बीजेपी की शिकस्त पर ओपी राजभर ने दी प्रतिक्रिया। PTI
इस सीट पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार लाल बिहारी यादव ने जीत दर्ज की है। वहीं, वाराणसी खंड स्नातक सीट पर हुए एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने 50,529 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की है। वहीं, बीजेपी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को हार का सामना करना पड़ा।
चर्चा में ओपी राजभर का बयान
वाराणसी में बीजेपी के इस प्रदर्शन पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। वाराणसी में विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) की दोनों सीटों पर हार पर कहा कि पढ़े-लिखे लोगों को वोट है। आम जनता का वोट नहीं है। ओपी राजभर के इस बयान की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
हालांकि, ओपी राजभर ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल तक देश पर शासन किया और दलित, पिछड़ों और गरीबों का हक लूटा। अब कांग्रेस किसका हक लूटेगी।
हताश हो चुके हैं विपक्षी नेता: ओपी राजभर
वहीं, 1 नवंबर की इंडी ब्लॉक रैली के लिए राहुल गांधी की वीडियो अपील पर, राज्य मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा, "असल में कोई परेशान नहीं है, शायद राहुल गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और उद्धव ठाकरे को छोड़कर। विपक्ष के नेता परेशान हैं, और उनकी निराशा और हताशा साफ दिख रही है। उन्होंने अलग-अलग राज्यों के लिए खास टारगेट तय किए थे, लेकिन वे टारगेट पूरे नहीं हो रहे हैं; इसीलिए वे अब अपील कर रहे हैं।"
