देश

Amroha News: बीएसपी नेता के एकलौते बेटे को टीवी देखते समय आया हार्ट अटैक, हुई मौत

Amroha News: बीएसपी के अमरोहा जिलाध्यक्ष सोमपाल सिंह के 38 वर्षीय बेटे कांति की हार्ट अटैक से मौत हो गई है।

Image

बीएसपी नेता के इकलौते बेटे की हार्ट अटैक से हुई मौत।

Photo : Times Now Digital

Amroha News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में बीएसपी के ज़िलाध्यक्ष सोमपाल सिंह के 38 वर्षीय बेटे कांति की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग में बतौर लैब टेक्नीशियन कार्यरत कांति बुधवार रात परिवार संग टीवी देखते समय सीने में दर्द की शिकायत के बाद बेहोश हो गए थे व अस्पताल पहुंचाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जानकारी मिलते ही पार्टी के कार्यकर्ताओं और परिचितों की भीड़ जुड़ गई। तमाम लोग ढांढस बंधाने पहुंचे। बता दें सोमपाल सिंह बीएसपी सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री के अलावा कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। वर्तमान में अमरोहा के बसपा के जिलाध्यक्ष हैं। उनके परिवार में पत्नी हंसवती के अलावा एक बेटा कांति उर्फ पिंटू था।

सोमपाल सिंह परिवार संग जोया रोड स्थित चिड़िया बाग में रहते हैं। कांति की शादी हो चुकी थी, उनके परिवार में पत्नी साक्षी और दो बच्चे हैं। कांति स्वास्थ्य विभाग में लैब टेक्नीशियन के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी तैनाती नौगांवा सादात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रही थी। रोज की तरह बुधवार को भी कांति ड्यूटी पर गए थे। दोपहर करीब दो बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद घर लौटे थे। रात करीब नौ बजे परिवार के सदस्यों के साथ घर पर बैठे हुए थे। तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सांस लेने में दिक्कत हुई और बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। तुरंत परिजन उन्हें लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि कांति की पत्नी मेरठ में परीक्षा देने गई हुई थीं। जब इसकी जानकारी बसपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को हुई तो तमाम लोग ढांढस बंधाने पहुंचे। बता दें कि अमरोहा में हार्ट अटैक लगातार जानलेवा बन रहा है। विशेषकर युवा वर्ग के हार्ट अटैक का शिकार हो रहे हैं। मंगलवार को भी अमरोहा में युवा व्यवसायी की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article