देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस परियोजना को लेकर कहा कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का पहला हिस्सा अगले साल यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके तहत गुजरात के सूरत और बिलीमोरा के बीच बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू होगा।
अगले साल सूरत-बिलीमोरा खंड पर बुलेट ट्रेन सेवा शुरू
शनिवार को हैदराबाद में आयोजित HYSEA GCCS और आईटी राउंडटेबल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री ने ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि अगले साल सूरत-बिलीमोरा खंड पर बुलेट ट्रेन सेवा शुरू होने के साथ ही भारत हाई-स्पीड रेल संचालन करने वाले देशों की सूची में शामिल हो जाएगा।
अश्विनी वैष्णव ने अपने संबोधन के दौरान बताया कि बुलेट ट्रेन परियोजना को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। पहले सूरत और बिलीमोरा के बीच सेवा शुरू होगी, इसके बाद वापी से सूरत और फिर वापी से अहमदाबाद तक के हिस्सों को चालू किया जाएगा। इसके बाद अहमदाबाद से ठाणे और अंत में अहमदाबाद से मुंबई तक का सेक्शन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस चरणबद्ध मॉडल से यात्रियों को परियोजना पूरी होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और जैसे-जैसे निर्माण कार्य पूरा होता जाएगा, संबंधित सेक्शन को संचालन के लिए खोल दिया जाएगा।
अन्य जारी रेल परियोजनाओं के बारे में भी दी जानकारी
इस दौरान रेल मंत्री ने रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण और पुनर्विकास के लिए चल रहे कामों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देशभर में चल रहे 'नव-निर्माण' कार्यक्रम के तहत अब तक 261 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास पूरा किया जा चुका है। कई अन्य स्टेशनों पर भी तेजी से काम जारी है।
सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास पर क्या बोले अश्विनी वैष्णव
उन्होंने सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत में रेलवे परियोजनाओं की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि यहां यात्री और मालगाड़ियों का संचालन बंद किए बिना निर्माण कार्य करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि सिकंदराबाद स्टेशन पर सभी प्लेटफॉर्म के ऊपर एयर कॉन्कोर्स का निर्माण किया जा रहा है, जबकि नीचे नियमित रूप से ट्रेनों का आवागमन जारी है। ऐसे में सुरक्षा और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए काम किया जा रहा है।
इस दौरान मोदी सरकार की उपल्ब्धियों को गिनाते हुए अश्विनी वैष्णव ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहर को तीन नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर दिए हैं। इनमें पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-चेन्नई और हैदराबाद-बेंगलुरु बुलेट ट्रेन कॉरिडोर शामिल हैं। उनके मुताबिक इन परियोजनाओं के पूरा होने से हैदराबाद दक्षिण भारत का एक प्रमुख हाई-स्पीड रेल हब बन जाएगा और पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। यह हाई-स्पीड रेल नेटवर्क केवल यात्रा का समय कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्रीय अर्थव्यवस्थाओं को जोड़ने, निवेश बढ़ाने और नए औद्योगिक एवं शहरी विकास को गति देने का माध्यम भी बनेगा।
