देश

'RJD और कांग्रेस को देश में बदलाव नहीं दिखता तो पहन लें चश्मा...' PM मोदी के पटना दौरे से पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर साधा निशाना

Bihar Assembly Elections: गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी पटना दौरे को लेकर विपक्ष पर हमला बोला है। गिरिराज सिंह ने कहा कि विरोधियों को अगर विकास नहीं दिखता तो चश्मा पहन लें।

Image

पीएम मोदी के पटना दौरे से पहले गिरिराज सिंह ने RJD और कांग्रेस को लिया आड़े हाथों

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bihar Assembly Elections: केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी पटना दौरे को लेकर विपक्ष पर हमला बोला है। चिर-परिचित अंदाज में विरोधियों को सलाह दी कि अगर विकास नहीं दिखता तो चश्मा पहन लें। गिरिराज सिंह ने कहा कि 24 अप्रैल को पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन होने जा रहा है, जो बदलते बिहार की तस्वीर को दर्शाता है। अब यह बदलता हुआ बिहार है। अगर आरजेडी और कांग्रेस को यह बदलाव नहीं दिखाई दे रहा है, तो उन्हें चश्मा पहन लेना चाहिए। बीते दस वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से बिहार के इंफ्रास्ट्रक्चर को बदलने का काम किया है, वह अपने आप में मिसाल है।

इंडिया गठबंधन पर भी मंत्री ने साधा निशाना

गिरिराज सिंह ने इंडिया गठबंधन की होने वाली बैठक पर भी निशाना साधा। गिरिराज सिंह ने कहा कि बैठक हो या ना हो, इसका कोई फर्क नहीं पड़ता। सवाल यह है कि इंडिया अलायंस बना किस लिए है? तेजस्वी यादव कहते हैं कि अगर वे आए, तो वक्फ बोर्ड का बिल लागू नहीं होने देंगे। यह सीधे तौर पर संविधान को चुनौती देना है। जो कानून दिल्ली में पास होता है, वही संविधान है। क्या बिहार को बंगाल बनाना चाहते हैं? मुर्शिदाबाद की घटनाओं की याद दिलाकर लोगों को डराया जा रहा है, लेकिन बिहार के लोगों को बंगाल नहीं बनने देना है।

ममता बनर्जी सत्ता के लिए कर रही राजनीति- गिरिराज सिंह

गिरिराज सिंह ने ममता बनर्जी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि वे सत्ता के लिए राजनीति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी अपने राजधर्म का पालन नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में हिंसा हो रही है, हत्या का दौर जारी है और यह सब उनके संरक्षण में हो रहा है। इसके अलावा गिरिराज सिंह ने ममता बनर्जी की इमामों के साथ हुई बैठक पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने मुस्लिम नेताओं के साथ तो बैठक की, लेकिन बंगाल में हिंदुओं पर जो हमले हुए, उन पीड़ितों से कभी नहीं मिलीं। यह वोटबैंक की राजनीति है। ‘बांटो और राज करो’ की नीति के तहत वे केवल मुसलमानों को ही समझ रही हैं, जबकि पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी की खुशहाली के लिए वक्फ बोर्ड में परिवर्तन करने का कदम उठाया है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article