शिवसेना (Shiv Sena UBT) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने 18 जुलाई को नागपुर में पार्टी द्वारा आयोजित 'राम रक्षा आंदोलन' में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को न्योता दिया। शिवसेना (UBT) यह आंदोलन अयोध्या में राम मंदिर से कथित चढ़ावा चोरी के विरोध में आयोजित कर रही है।
नागपुर में 18 जुलाई को 'राम रक्षा आंदोलन' होगा
शिवसेना (UBT) अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह मुख्यमंत्री फडणवीस के गृहनगर नागपुर में शनिवार को आयोजित 'राम रक्षा आंदोलन' में शामिल होंगे। राउत ने फडणवीस को लिखे एक पत्र में कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर कहते हैं कि उन्होंने अयोध्या में राम जन्मभूमि को 'मुक्त' कराने के आंदोलन में हिस्सा लिया था।
'दावा किया जा रहा है कि सैकड़ों करोड़ रुपयों का गबन किया गया है'
शिवसेना (UBT) नेता ने सोशल मीडिया मंच 'फेसबुक' पर साझा किये गए पत्र में कहा, 'आज इसी राम मंदिर में चोरी, डकैती और धोखाधड़ी जैसे अपराध होने का आरोप है और यह दावा किया जा रहा है कि सैकड़ों करोड़ रुपयों का गबन किया गया है।'राज्यसभा सदस्य ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने स्वयं अयोध्या में हुई कथित चोरियों पर 'दुख' जताया है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: राम मंदिर CEO की क्या होगी पात्रता, करने होंगे कौन से काम, चयन समिति के सदस्य ने बताया
सीएम फडणवीस को आंदोलन में शामिल होने का न्योता
राउत ने फडणवीस को आंदोलन में शामिल होने का न्योता देते हुए कहा, 'शिवसेना (UBT) ने राम मंदिर से जुड़ी कथित लूट के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए 'राम रक्षा' अभियान शुरू किया है। समझिए कि 'राम रक्षा' का अभिप्राय 'भगवान राम की रक्षा' है।'
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: राम मंदिर चंदा चोरी मामला: आठों आरोपियों की न्यायिक हिरासत इस तारीख तक बढ़ी, दो की पुलिस रिमांड पर जल्द होगा फैसला
राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी का मामला
राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी का मामला पिछले महीने सामने आया। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए को एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया। एसआईटी द्वारा 23 जून को जमा की गई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई और आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
