Srinagar Airport: रविवार को श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (Srinagar International Airport) पर सुरक्षा जांच के दौरान एक अहम मामला सामने आया। अधिकारियों के अनुसार, नियमित चेकिंग के दौरान दो अमेरिकी नागरिकों के सामान की तलाशी ली गई। इस दौरान उनके बैग से जीपीएस सैटेलाइट फोन बरामद हुए, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं। जानकारी के मुताबिक, दोनों यात्री एअर इंडिया (Air India) की फ्लाइट AI-1893 से श्रीनगर से दिल्ली जा रहे थे। जांच के दौरान जब उनके पास सैटेलाइट फोन मिले, तो CISF के जवानों ने उन्हें फ्लाइट से उतार लिया और हिरासत (us nationals detained) में ले लिया। बाद में उनसे पूछताछ शुरू की गई।
बिना अनुमति ऐसे उपकरण रखना नियमों के खिलाफ
अधिकारियों ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान मिस्टर प्रैदर जेफ्री स्कॉट और मिस्टर हलदार कौशिक के रूप में हुई है। फिलहाल उनसे यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उनके पास यह उपकरण क्यों थे और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।
सैटेलाइट फोन सामान्य मोबाइल फोन से अलग होते हैं और इनका उपयोग खास परिस्थितियों में किया जाता है। भारत में, खासकर जम्मू और कश्मीर (Jammu and Kashmir) जैसे संवेदनशील इलाकों में, बिना अनुमति ऐसे उपकरण रखना नियमों के खिलाफ है। ऐसे मामलों में उपकरण जब्त किए जा सकते हैं और कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।

(Photo: Times Now Digital)
पूछताछ पूरी होने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी जरूरी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। गौरतलब है कि इस समय पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सख्त कर दी गई है। पहलगाम (Pahalgam) में हुए आतंकी हमले की बरसी को देखते हुए हाई अलर्ट जारी है। ऐसे में एयरपोर्ट और अन्य संवेदनशील जगहों पर हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की चूक न हो सके।
