देश

सेना ने जम्मू-कश्मीर के नौशेरा में ढेर किए दो आतंकी, एके-47 सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद

भारतीय सेना ने 8 सितंबर की मध्यरात्रि को लाम, नौशेरा के सामान्य क्षेत्र में एक घुसपैठ विरोधी अभियान शुरू किया गया। इस अभियान में दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया ।

Image

कश्मीर में 2 आतंकी ढेर (File photo)

KEY HIGHLIGHTS
  • जम्मू-कश्मीर के नौशेरा में सेना ने एक अभियान में दो आतंकियों को ढेर किया
  • खुफिया एजेंसियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर अभियान
  • अभियान में दो आतंकवादी ढेर, बड़ी मात्रा में युद्ध सामग्री बरामद की गई

Jammu kashmir Terrorist: जम्मू-कश्मीर के नौशेरा में सेना ने एक अभियान में दो आतंकियों को ढेर कर दिया। सेना के व्हाइट नाइट कोर ने बताया कि संभावित घुसपैठ की कोशिश के बारे में खुफिया एजेंसियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर भारतीय सेना ने 8 सितंबर की मध्यरात्रि को लाम, नौशेरा के सामान्य क्षेत्र में एक घुसपैठ विरोधी अभियान शुरू किया गया। इस अभियान में दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया और बड़ी मात्रा में युद्ध सामग्री बरामद की गई है। ऑपरेशन जारी है।

लश्कर से जुड़े आतंकी

जम्मू में मारे गए आतंकवादी लश्कर के तैयबा आतंकवादी संगठन से जुड़े हैं। पाकिस्तान की शह पर जम्मू इलाके में चुनाव के दौरान हिंसा फैलाने का काम इन आतंकियों को दिया गया था। इनके कब्जे से एके 47 सहित कई आधुनिक हथियार बरामद किए गए। खुफिया और जांच एजेंसियों की नजर जम्मू इलाके में सक्रिय इनके अन्य साथियों पर भी है।

बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान

अधिकारियों ने बताया कि रविवार देर रात नौशेरा के लाम सेक्टर में जवानों को सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश कर रहे आतंकवादियों के एक समूह की हरकत का पता चला, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई। सेना की जम्मू स्थित व्हाइट नाइट कोर ने बताया कि दो आतंकवादियों को मार गिराया गया है तथा दो एके-47 और एक पिस्तौल सहित बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। तलाशी अभियान जारी है। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के बाद सेना के जवानों ने इलाके में चौकसी बढ़ा दी और पूरी रात कड़ी निगरानी की तथा सुबह होते ही तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अंतिम रिपोर्ट मिलने तक तलाशी अभियान जारी था।

मुठभेड़ों का सिलसिला

अगस्त के आखिरी हफ्ते में राजौरी में एक और मुठभेड़ हुई थी जब सेना ने लाठी इलाके में एक संदिग्ध आतंकवादी ठिकाने को निशाना बनाया। जुलाई में इसी जिले के गुंधा इलाके में एक सुरक्षा चौकी पर आतंकवादियों के हमले में एक जवान घायल हो गया था। घुसपैठ की कोशिश और मुठभेड़ जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव से पहले हुई हैं, जो 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को तीन चरणों में होंगे। परिणाम 4 अक्टूबर को घोषित होने की उम्मीद है।
Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article